साहब! मेरे निर्दोष पति को फंसाया गया, हमें न्याय दिलाएं
जेल भेजे गए शिक्षक की पत्नी परिवार संग धरने पर बैठी, एसपी के आदेश पर मामले में क्रास केस दर्ज
कादीपुर/ सुल्तानपुर, अमृत विचार। कादीपुर के सरैया मुस्तफाबाद स्थित श्री रामदेव पांडेय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य एवं उप प्रधानाचार्य की सहायक अध्यापक के बीच हुई मारपीट के मामले में जिलाधिकारी जसजीत कौर के आदेश पर एसडीएम महेंद्र श्रीवास्वत के नेतृत्व में गठित की गई टीम ने विद्यालय परिसर में पहुंचकर प्रकरण की जांच की। यहां जेल भेजे गए शिक्षक की पत्नी के साथ बच्चों के साथ भी टीम ने वार्ता किया। वहीं, शिक्षक की तहरीर पर भी पुलिस ने प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार को विद्यालय में एसडीएम महेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सीओ शिवम मिश्र, जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर एवं राजकीय इंटर कॉलेज सुलतानपुर के प्रधानाचार्य विजय कुमार सिंह तथा राजकीय विद्यालय भदैंया के प्रधानाचार्य डा राज करन ने प्रकरण की जांच को पहुंचे। यहां शिक्षक दिवस पर पांच सितंबर को शुल्क के प्रकरण को लेकर प्रधानाचार्य रघुनायक प्रसाद द्विवेदी एवं उप प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार मिश्र तथा सहायक अध्यापक सतीश कुमार मिश्र के बीच में विवाद हो गया था। जिसमें जमकर मारपीट और तोड़ फोड़ हुई थी। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारने पीटने का आरोप लगाया था, जिसमें प्रधानाचार्य एवं उप प्रधानाचार्य को गंभीर चोटें आई थी। दोनों का उपचार चल रहा है। प्रधानाचार्य एवं उपप्रधानाचार्य की तहरीर पर पुलिस ने सहायक अध्यापक सतीश कुमार मिश्र एवं सात अज्ञात के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। शिक्षक सतीश मिश्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। शिक्षक के गिरफ्तारी से आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने सरैया मुस्तफाबाद बाजार में धरना प्रदर्शन एवं जाम किया था। जिसमें आक्रोशित छात्रों ने पुलिस पर पथराव भी किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला अधिकारी ने जांच टीम गठित की थी। विद्यालय परिसर में पहुंची जांच टीम ने विद्यालय के अभिलेखों की जांच पड़ताल की। मिड डे मील एवं विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और रसोईया तथा प्रबंधक से अलग-अलग बयान लिया। जांच टीम ने कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से घटना के संबंध में एवं विद्यालय के क्रियाकलापों के विषय में जानकारी ली। इसके पहले एसडीएम ने कक्षाओं में जाकर छात्र छात्राओं को समझाया बुझाया।
.jpg)
एसडीएम ने बताया कि टीम ने अभिलेख एवं घटना के विषय में निष्पक्ष रूप से छात्र छात्राओं, अभिभावकों, प्रबंधक, शिक्षकों, तथा रसोईया के बयान लिए गए। घटना के विषय में निष्पक्ष रूप से प्रत्येक बिंदुओं पर जांच कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की जाएगी।

मेरे पापा को वापस लाओ, मेरे पापा से मुझे मिलवाओ
मेरे पापा को वापस लाओ, मेरे पापा से मुझे मिलवाओ ... यह करुण पुकार छह वर्षीय नन्हीं बेटियां श्री की है। वह जेल भेजे गए शिक्षक सतीश कुमार मिश्र की पत्नी व अपनी मां प्रतिमा मिश्रा, दादी शकुंतला के साथ विद्यालय पहुंची थी। यहां वह तख्ती पर अपनी मांग लिखकर दादी व मां के साथ धरने पर बैठी है। वहीं, शिक्षक की पत्नी परिसर में पहुंची अधिकारियों की टीम से वार्ता की। उन्होंने बताया कि जब तक मेरी मांगे पूरी नहीं की जाएगी, तब तक मैं यहां से नहीं जाऊंगी। उनकी मांग थी कि मामले में क्रॉस केस दर्ज किया जाए। निष्पक्ष रूप से जांच कराई जाए। प्रतिमा ने कहा कि मेरे पति निर्दाेष हैं। उन्हें अनायास उत्पीपीड़ित किया जा रहा है। उनको मारा पीटा गया। उनकी चोट को देखकर बच्चे अक्रोशित हो गए। कुछ देर बाद शिक्षक के पिता राम सहोदर मिश्रा भी विद्यालय पहुंचे। उनके विद्यालय पहुंचने के बाद एसडीएम और सीओ से उनकी पत्नी एवं परिजनों की वार्ता हुई। वार्ता होने के बाद वह विद्यालय परिसर से अपने परिजनों के साथ बाहर आई। बताते चलें कि उनकी पत्नी प्रतिमा मिश्रा मुंदर प्रसाद इंटर कॉलेज बरगदवा महाराजगंज में शिक्षिका है। इसी बीच आक्रोशित छात्राएं कक्षा से बाहर निकलकर शिक्षक की रिहाई की मांग करने लगी। शिक्षक की पत्नी के समझाने के बाद छात्राएं वापस कक्षाओं में गई।
मामले में क्रॉस केस दर्ज
बीते पांच सितंबर को हुई मारपीट के प्रकरण में पुलिस ने प्रधानाचार्य एवं उप प्रधानाचार्य के तहरीर पर शिक्षक सतीश कुमार मिश्र सहित सात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। शिक्षक सतीश कुमार मिश्र की तहरीर पर कोई मुकदमा नहीं दर्ज हुआ था। सीओ शिवम मिश्रा ने बताया कि शिक्षक सतीश कुमार मिश्र की तहरीर पर जांच के बाद शुक्रवार को प्रधानाचार्य रघुनायक प्रसाद द्विवेदी एवं उप प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार मिश्र के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है।
बच्चों ने एमडीएम खाने से किया इंकार
शिक्षक जितेंद्र के पक्ष में लगातार छात्र-छात्राओं का झुकाव बना है। शिक्षक की गिरफ्तारी से आक्रोशित छात्र एवं छात्राओं ने शुक्रवार को विद्यालय में बने मध्याह्न भोजन को करने से इंकार कर दिया।
माध्यमिक शिक्षक संघ ने दी चेतावनी
श्री रामदेव पांडेय इंटर कालेज सरैया मुस्तफाबाद में कार्यरत शिक्षक सतीश कुमार मिश्रा परएकपक्षीय कार्यवाही के विरोध में माध्यमिक शिक्षा संघ (ठकुराई गुट) ने मोर्चा खोल रखा है। पहले संयुक्त मोर्चा बनाकर कलेक्ट्रेट में धरना दिया। अधिकारियों को मांग पत्र दिया। शुक्रवार को प्रकरण के संबंध में निष्पक्ष जांच करने के लिए जिलाधिकारी को एक ज्ञापन फिर से सौंपा। यहां प्रशासनिक अधिकारी को अवगत कराया कि सतीश मिश्र बेगुनाह हैं और निर्दाेष हैं। उन्हे सिर्फ फंसाया गया है। उनपर एक दिन में दो-दो मुकदमे पंजीकृत करके गंभीर धारा में एक शातिर अपराधी की तरह जेल भेज दिया गया जो अत्यंत निंदनीय है। सतीश मिश्रा के दोनों मुकदमों के विवेचक को बदलकर 169 के आधार जांच कराकर निर्दाेष शिक्षक सतीश कुमार मिश्रा को बरी किया जाए। अन्यथा की स्थिति में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ अब सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य हो रहा है। पूरा शिक्षक समाज अपमानित महसूस कर रहा है। यहां जिला अध्यक्ष शिवनंदन यादव, दीपक सिंह, जिलामंत्री डॉ अजय कुमार सिंह, मनोज कुमार वर्मा, वैभव रघुवंशी, रमेश कुमार वर्मा, डॉ राम जीत वर्मा, हरेंद्र सिंह, राजवीर सिंह, बबन, रोहन, डॉ आलोक विक्रम, डॉ अंबरीश तुलसी राम, रोहन, अशहद, अशोक, धर्मेंद्र पाण्डेय, भूपेंद्र नाथ वर्मा, विजय भारती, सुधीर कुमार, प्रमोद कुमार, संगम लाल मौर्य, प्रमोद प्रजापति, विनय यादव चंद्रभान तिवारी, सुरजीत राना, माधवराम आदि रहे।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : दुकान में लगी आग, सिलेंडर फटने से बालिका गंभीर रूप से घायल
