अयोध्या को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करना है : जयवीर सिंह
पर्यटन मंत्री ने जटायु क्रूज का किया उद्घाटन
अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी में आने वाले पर्यटक अब हेलिकॉप्टर और पैराग्लाइडिंग के बाद क्रूज का भी आनंद ले सकेंगे। इसके लिए शुक्रवार को सरयू नदी में जटायु क्रूज का संचालन शुरू हो गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर व रस्से से छोड़कर जटायु क्रूज को आम जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या को भव्य व अलौकिक बनाना है और पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करना है।
अयोध्या क्रूज लाइंस द्वारा संचालित इस क्रूज में एक साथ कुल 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यह क्रूज संत तुलसीदास घाट से चलकर गुप्तारघाट तक करीब 9 किलोमीटर का सफर तय करेगा। गुप्तार घाट पर 20 मिनट रुकने के बाद वापस संत तुलसीदास घाट आएगा। इस दौरान लगभग 18 किलोमीटर का सफर दो घंटे में तय करेगा। क्रूज में यात्रियों को पूर्वांचल के विभिन्न पकवान उपलब्ध होंगे। गाइड सरयू तट के किनारे स्थित विभिन्न मंदिरों का इतिहास और गुप्तारघाट के पौराणिक महत्व से भी पर्यटकों को अवगत कराएंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अभी हम 100 सीटर क्रूज शुरू कर रहे हैं। जल्द ही हम एक बड़ा क्रूज भी सरयू में उतारेंगे। पर्यटन विभाग ने यूपीनेडा के साथ एक एमओयू साइन किया है। जिसमें हम सौर ऊर्जा से संचालित क्रूज का संचालन करेंगे। यह क्रूज अयोध्या के अलावा काशी मथुरा में भी चलाए जाएंगे। अयोध्या में जनवरी माह तक इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू हो जाएगा। हमारा प्रयास है कि भगवान राम लला के मंदिर के उद्घाटन से पूर्व अधिक से अधिक योजनाएं संचालित हो जाएं। हम अयोध्या के सभी मंदिरों का जीर्णोद्धार कर रहे हैं। अयोध्या के सड़क मार्ग को बेहतर कर रहे हैं। परिक्रमा मार्ग से लेकर फोरलेन हाईवे से अलग-अलग शहरों से जोड़ा जाने का प्रयास है।
इस अवसर पर सांसद लल्लू सिंह, बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान, एमएलसी अंगद सिंह,मंडलायुक्त गौरव दयाल, नगर आयुक्त विशाल सिंह, एडीएम सिटी सलिल पटेल, उपनिदेशक पर्यटन आरपी यादव, उपनिदेशक सूचना डॉ. मुरलीधर सिंह, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : दिसंबर तक मंदिर का काम पूरा करने व यात्री सुविधा केंद्र शुरू करने पर मंथन
