CM Yogi के नाम सुसाइड नोट लिख किसान ट्रेन के आगे कूदा... मौत, भाजपा नेता पर जमीन हड़पने का आरोप 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में भाजपा नेता पर आरोप है कि उसने साथियों के साथ मिलकर किसान की करोड़ों की जमीन को धोखे से अपने नाम करा लिया। इससे आहत किसान ने मुख्यमंत्री के नाम सुसाइड नोट लिखकर ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। उसने यह भी लिखा है कि सारे सबूत मोबाइल में मौजूद हैं। पुलिस ने जांच कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने सुसाइड नोट कब्जे में लेकर परिजनों को समझाबुझाकर शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
 
चकेरी गांव निवासी 50 वर्षीय बाबू सिंह यादव खेती किसानी करते थे। उनके भतीजे धर्मेंद्र और अरविंद यादव ने बताया कि चाचा के पास साढ़े छह करोड़ की कीमत की साढ़े छह बीघा जमीन अहिरवां मौजा में थी। आरोप लगाया कि 18 मार्च वर्ष 2023 को चकेरी के एक भाजपा नेता ने चाचा और परिजनों को एक होटल में बुलाकर उनकी बेशकीमती जमीन को अपने नाम धोखाधड़ी से रजिस्ट्री करा लिया। इसके एवज में उन्हें दूसरे दिन साढ़े छह करोड़ का चेक दिया गया था। पत्नी बिटान और बेटी काजल व रूबी ने गंभीर आरोप लगाया कि भाजपा नेता और उसके साथियों ने इसके बाद वह चेक बहाने से छीन ली। आरोप लगाया कि उन लोगों ने बर्बाद हो जाने की बात कही तो आरोपियों ने मात्र सात लाख रुपये ही देकर पल्ला झाड़ लिया। आरोप है, कि इसके बाद बाबू सिंह लगातार पिछले छह महीने से अपने जमीन के रुपयों की मांग कर रहे थे, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। 

परिजनों ने बताया कि वह दो दिन पहले ही अहिरवां की अपनी जमीन पर गए थे। जहां आरोपी भाजपा नेता व उसके साथी प्लाटिंग करा रहे थे। वहां का नजारा देखकर वह अवसाद में चले गए। परिजनों ने बताया कि शनिवार सुबह करीब छह बजे वह बिना बताए घर से निकल गए। जिसके बाद घर से 50 मीटर की दूरी पर उन्होंने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर उन लोगों को जानकारी दी। पत्नी बिटान ने घटनास्थल पर पहुंचकर आरोप लगाया कि जीवन भर की पूंजी को भाजपा नेता व उसके साथियों ने लूट लिया। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा काटा। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाकर बुझाकर शांत कराया। 

बोले जिम्मेदार 
शनिवार सुबह किसान द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी की जानकारी हुई है। घर से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। परिजनों ने जो भी आरोप लगाए हैं, उसकी जांच कराकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। यदि परिजन पुलिस पर इस मामले में सुनवाई न करने का आरोप लगा रहे हैं, तो जांच कराई जाएगी। 
-अमरनाथ यादव, एसीपी चकेरी
 

ये भी पढ़ें -UP T-20 League : मेरठ की पांचवी जीत, मिली Second पोजीशन

संबंधित समाचार