शाहजहांपुर: धान खरीद: सेंटर हथियाने को साठगांठ में लग गए ठेकेदार
152 केन्द्र फाइनल, 40 और सेंटरों बनाने की है तैयारी
शाहजहांपुर, अमृत विचार। पहली अक्टूबर से धान खरीद शुरू होनी है। धान खरीद सेंटरों को अपने खासमखास को दिलाने के लिए जनप्रतिनिधियों से लेकर पक्ष और विपक्ष के नेता भी लग गए। सेंटर हथियाने के लिए ठेकेदार साठगांठ में करने में जुटे हैं। फिलहाल जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने 152 खरीद केन्द्रों को फाइनल कर दिया है।
अभी 40 और सेंटर फाइनल होने हैं, जिसके लिए ठेकेदार प्रयासरत हैं। साथ ही कांट, बांट और बारदाना का भी प्रबंध कर लिया गया है। धान खरीद व्यवस्था को सुचारु करने के लिए सितंबर शुरुआत से ही सेंटर आवंटित करने की कवायद चल रही है। धान खरीद के लिए सेंटर आवंटित कराने के लिए लोग जनप्रतिनिधियों से लेकर अफसरों तक के चक्कर लगा रहे हैं।
धान खरीफ विपणन की खरीद नीति 2023 भले ही अभी जारी नहीं हो सकी है, लेकिन खरीद केन्द्र बनाने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इतना ही नहीं 152 खरीद केन्द्र फाइनल कर दिए गए हैं। पिछले साल 199 क्रय केंद्र बनाए गए थे। माना जा रहा है कि अभी लगभग 40 क्रय केंद्र और बनाए जाएंगे। बता दें कि जिले की तहसील पुवायां में सर्वाधिक धान उगाया जाता है। यही वजह है कि हर साल धान खरीद का रिकार्ड इस जिले में बनता है।
कहां कितने खोले गए खरीद केन्द्र
सदर - 40
पुवायां - 61
तिलहर - 33
जलालाबाद - 16
कलान - 02
एजेंसीवार स्वीकृत किए गए क्रय केंद्र
संस्था का नाम - क्रय केंद्र
आरएफसी - 37
पीसीएफ - 32
पीसीयू - 38
यूपीएसएस - 38
एफसीआई - 07
कुल - 152
धान खरीद की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 152 क्रय केंद्र घोषित किए जा चुके हैं। वारदाना भी स्टाक में है और स्टॉफ की तैनाती की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। इस बार भी बिचौलियों की नहीं चलेगी, इसलिए सभी किसान अपना पंजीयन हर हालत में करा लें---संजय पांडेय, एडीएम-प्रशासन।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: 15वें दिन नदी में उतराता मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम
