अब सरकार से आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे शिक्षक : राकेश पांडेय
16 सितम्बर के दो मंडलों के शिक्षक धरने में जुटेंगे, संघ तैयारी में जुटा
अयोध्या, अमृत विचार। आगामी 16 सितंबर को शिक्षा भवन पर मण्डलीय धरने को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ तैयारी में जुट गया है। बुधवार को पंडित हृदय राम शर्मा पी डी पाण्डेय इंटर कॉलेज सोनैसा रसूलाबाद में शिक्षक संघ की बैठक प्रधानाचार्य संजीव चतुर्वेदी की अध्यक्षता में हुई।
मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षक जिला अध्यक्ष राकेश पांडेय ने कहा 16 सितंबर को प्रदेशीय नेतृत्व के आह्वान पर अयोध्या और देवीपाटन मंडलों का संयुक्त धरना शिक्षा भवन पर है। हजारों शिक्षक एक दिन का अवकाश लेकर धरने में धरना देंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षकों की सभी उपलब्धियां छीनने उतारू हो गई है। जिसे संगठन अब बर्दाश्त नहीं करेगा। संगठन अब आर पार की लड़ाई लड़ने को तैयार है।
कहा कि सरकार द्वारा धारा 21 और 18 को हटाया जाना एक अवैधानिक कदम है। इससे प्रबंधकों द्वारा शिक्षकों का शोषण शुरू हो जाएगा। जब तक सरकार दोनों धाराओं को वापस नहीं ले लेती है तब तक संगठन संघर्ष करता रहेगा। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संजीव चतुर्वेदी ने कहा कि सरकार शिक्षकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
बैठक का संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक रमेश पाठक ने किया। अरविंद वर्मा, अनिल पांडे, विनीत मिश्रा, राधेश्याम वर्मा, संदीप चक्रवर्ती, अमित मिश्रा, उमेश वर्मा, सच्चिदानंद शुक्ला, रामाशंकर यादव, अरुण द्विवेदी, प्रभात गुप्ता, सुनील दुबे, मनोज दुबे, अशोक मिश्रा आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: बदायूं में अध्यापक के निलंबन पर शिक्षकों में रोष, सौंपा ज्ञापन
