Kanpur से शुरू हो सकती है नॉर्थ ईस्ट के लिए फ्लाइट, एयर इंडिया ने किया बड़ा सर्वे, ये सुझाव भी लिए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर से नॉर्थ ईस्ट के लिए फ्लाइट शुरू हो सकती है।

कानपुर से नॉर्थ ईस्ट के लिए फ्लाइट शुरू हो सकती है। शहर में फ्लाइट को लेकर एयर इंडिया ने बड़ा सर्वे किया। इसके साथ ही सुझाव भी लिए।

कानपुर, अमृत विचार। शहर से नॉर्थ ईस्ट के लिए जल्द ही नई फ्लाइट मिल सकती है। फ्लाइट की उड़ान के लिए एयर इंडिया के अधिकारियों ने शहर में सर्वे किया है। इस सर्वे में एयर इंडिया के अधिकारियों ने शहर से फ्लाइट के लिए सुझाव भी लिए हैं। खास बात यह है कि शहर से सबसे अधिक सुझाव कोलकाता-बागडोगरा व गंगटोक के लिए अधिकारियों को मिले हैं।

शहर में हुए सर्वे के बाद उड़ान सेवा से जुड़े लोगों का यह मानना है कि यह सर्वे शहर से नई उड़ान सेवा से जुड़ा हुआ है। उड़ान सेवा से जुड़े लोगों का यह भी मानना है कि सर्वे की रिपोर्ट के अनुसार ही शहर को नई फ्लाइट हासिल हो सकती है। सर्वे में शामिल लोगों ने यह तर्क दिया कि शहर से कोलकाता का व्यापारिक नाता जुड़ा है।

चमड़ा और कपड़ा उद्योग से जुड़े लोग बड़ी संख्या में शहर से कोलकाता जाते हैं। इसी तरह नॉर्थ ईस्ट के बागडोगरा व गंगटोक से शहर के पर्यटन से जुड़े लोगों के लिए एक सुविधाजनक फ्लाइट होगी। सर्वे में शामिल उड़ान सेवा जुड़े लोगों ने यह भी तर्क दिया कि यदि सिर्फ कोलकाता के लिए उड़ान सेवा शुरू होती तो उसमें सीटें खाली रहने की संभावना बनी रहेगी।

इसी तरह यदि कोलकाता के साथ कनेक्टिंग फ्लाइट होगी तो उड़ान सेवा को घाटा होने की संभावना कम है। सर्वे पर अवध टैवल के निदेशक शारिक अल्वी ने कहाकि एयर इंडिया के अधिकारियों का सर्वे का लिए शहर आना इस बात की पुष्टी करता है कि नई उड़ान सेवा के लिए एयर इंडिया गंभीर है। शहर से यदि नॉर्थ ईस्ट रूट की उड़ान एयरपोर्ट से शुरू होती है तो इससे छात्रों, उद्योगपतियों और व्यापारियों को सबसे अधिक लाभ होगा। 

ट्रेन का दिया गया हवाला

सर्वे में शामिल उड़ान सेवा से जुड़े लोगों ने कह कि कोलकाता से शहर होते हुए दिल्ली जाने वाली तीन ट्रेनें हैं। खास बात यह है कि यह तीनों ही ट्रेने लगातार फुल रहती है। ऐसे में कोलकाता रूट की फ्लाइट पर यात्री लोड को सर्वे में सर्वाधिक पाया गया है। इसलिए भी टूर एण्ड ट्रेवल्स से जुड़े लोग कोलकाता फ्लाइट शुरू होने की योजना को सबसे प्रबल मान रहे हैं। 

नाइट लैंडिंग के लिए उद्यमी प्रयासरत

शहर के एयरपोर्ट से अधिक फ्लाइट उड़ान भरे इसके लिए शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति भी प्रयास कर रहे हैं। हाल ही में मर्चेंट चैम्बर ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष बने अभिषेक सिंहानिया ने एक वार्ता के दौरान यह कहा था कि एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग के लिए वे प्रयास कर रहे हैं। यात्रियों, उद्योगपतियों और व्यापारिक बंधुओं को हवाई यात्रा से किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए एयरपोर्ट पर नाईट लैंडिंग सुविधा शुरू होना बहुत जरूरी है। 

शहर को नहीं मिल रहे मैच

शहर के एयरपोर्ट को और बेहतर सुविधा दिए जाने के लिए बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी हाल ही में एयरपोर्ट पर उड़ान सेवा बढ़ाए जाने की ओर इशारा किया था। उन्होंने यह कहा था कि शहर में एयर कनेक्टिविटी कम होने से बड़े मैच शहर से छिन जाते हैं। इसलिए शहर के एयरपोर्ट से हवाई यात्राओं का बढ़ाया जाना बहुत जरूरी है।

संबंधित समाचार