विशेष साक्षात्कार : 'रणनीति बनाकर करेंगे बसपा के बड़े वोट बैंक में सेंधमारी', यहां पढ़ें हंसराज 'पप्पू' से हुई बातचीत के मुख्य अंश

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

रामपुर में अनुसूचित जाति के भाजपा नेता पर पार्टी हाईकमान ने खेला दांव

रामपुर, अमृत विचार। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने प्रदेश में जिलाध्यक्षों में फेरबदल कर लोकसभा चुनाव में जातीय समीकरण साधने के लिए नए जिलाध्यक्षों को जिले की कमान सौंप दी। भाजपा हाईकमान ने सपा का गढ़ कहे जाने वाले रामपुर में अनुसूचित जाति के भाजपा नेता पर दांव खेला। वार्ड नंबर 30 से जिला पंचायत सदस्य व अनुसूचित मोर्चा के पश्चिमी उप्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष हंसराज 'पप्पू' पर भरोसा जताते हुए उन्हें जिले की कमान सौंपी। पार्टी हाईकमान ने बसपा के बड़े वोट बैंक में सेंधमारी करने के लिए रामपुर में हंसराज को जिलाध्यक्ष बनाया है। हंसराज 'पप्पू' से अमृत विचार के विशेष संवाददाता आशुतोष शर्मा से हुई बातचीत के प्रमुख अंश इस प्रकार हैं...

रामपुर लोकसभा सीट पर कब्जा बरकरार रखने में चुनौती कहां नजर आ रही है?
सबसे बड़ी चुनौती मुस्लिम वोटों का तुष्टिकरण है। मुस्लिम वोटों का बंटवारा होगा तभी भाजपा अपना परचम लहरा पाएगी। अभी तक दलित समाज का वोट कम मिला है। इस वर्ग को साधने की भी सबसे बड़ी चुनौती है। बहरहाल जो भी हो लेकिन 2024 में रामपुर सीट पर भाजपा का ही परचम लहराएगा।

रामपुर सपा की जगह अब भाजपा का गढ़ बन गया है, गढ़ बरकरार रहे इसके लिए क्या रणनीति है? 
रामपुर का गढ़ बरकरार ही रहेगा। निश्चित ही भाजपा आ रही है...जनता ने मन बना लिया है। जनता कोई बदलाव नहीं चाहती है। जो किसी सरकार में नहीं हुआ वो मोदी सरकार में हुआ। पार्टी हाईकमान ने रणनीति पहले ही तैयार कर ली है। हमें बस निर्देशों का पालन करना है।

नाराज किसानों को कैसे साधेंगे?
नाराज...भाजपा से कोई कैसे नाराज रह सकता है। जिस सरकार ने अन्नदाताओं के लिए झोलियां फैला दी हों उससे नाराजगी कैसी। और जो कहते हैं कि भाजपा से किसान नाराज है वह समय आने पर पता चल जाएगा। किसान का एक-एक वोट भाजपा को ही जाना है।

2024 के चुनाव में भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती क्या है?
 सबसे बड़ी चुनौती अगर मानी जाए तो दलित मतदाताओं को अपने पक्ष में लाना यह सबसे बड़ी लड़ाई है। और इस जंग को हम फतह करेंगे। सभी वर्गों में संपर्क स्थापित करेंगे, साथ ही दलित वर्ग की तरफ खासा रुझान रहेगा। क्योंकि समय आने पर दलित मतदाता बंट जाता है, जिसे अबकी बार रोकना है। हिंदू समाज में सबसे ज्यादा मतदाता एससी हैं। रामपुर के अंदर 2.65 लाख मतदाता एससी हैं।

मुस्लिम मतदाताओं को साधने के लिए क्या तैयारी है?
मुस्लिम मतदाताओं को भी लग रहा है कि मोदी जी के अलावा आने वाला कोई है नहीं। मुस्लिम वोट भी भाजपा को खूब मिलते हैं। लेकिन कुछ हैं जोकि बंट जाते हैं, लेकिन इस बार मुस्लिम वोटर बंटेंगे नहीं। क्योंकि उन्हें पता है कि आने वाला समय भाजपा का है, अब कोई पार्टी टक्कर में नहीं है। सब फेल हो चुकी हैं।

नई कार्यकारिणी बनाने में समीकरणों को साधना कितनी चुनौती होगी?
हमें तो बस पार्टी को नाम भेजने हैं, बाकि सब कुछ पार्टी हाईकमान तय करेगा। यह सब संगठन के अधिकार हैं। समय आने पर सारे समीकरण अपने आप बनते चले जाएंगे। भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता को अपना लक्ष्य पता है। नई कार्यकारिणी की भी जल्द घोषणा होगी।

ये भी पढ़ें : Lok Sabha Election 2024 : हाईकमान ने जारी की सूची...हंसराज पप्पू बने रामपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष

संबंधित समाचार