शाहजहांपुर: आकाशीय बिजली गिरने से किशोरी की मौत, चार झुलसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कटरा सभासद के घर के फुंक गए उपकरण, लिंटर में आई दरार

मृतका रिंकी का फाइल फोटो।

शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले में रविवार सुबह हुई बारिश के दौरान कई जगह आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे मीरानपुर कटरा क्षेत्र के गांव लौहरगवां में किशोरी की मौत हो गई। वहीं खडसार में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर चार लोग झुलस गए। कटरा नगर में आकाशीय बिजली गिरने से लोगों के घरों के उपकरण फुंक गए और एक मकान का लिंटर चटक गया।  

कटरा क्षेत्र के ग्राम लौहरगवा में निवासी 16 वर्षीय रिंकी पुत्री प्रेम शर्मा रविवार सुबह 11:30 बजे बारिश होने की वजह से छत पर कपड़े उतारने गई थी, तभी अचानक आकाशीय बिजली रिंकी पर गिर पड़ी। जिससे रिंकी बुरी तरह झुलस गई। झुलसी अवस्था में रिंकी को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया।घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

वहीं कटरा थाना क्षेत्र के गांव खडसार में खेत पर बनी झोपड़ी के पास ज्योसेन पुत्र जगन्नाथ, ताकतराम पुत्र रिषीपाल, महेश पुत्र वेदराम व रूपराम पुत्र नन्हे अपने खेत पर मूंगफली लग रहे थे, तभी सुबह 11:30 बजे के करीब आकाशीय बिजली गिरने से चारों झुलस गए। जिसमें ज्योसेन की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसको इलाज के लिए शाहजहांपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि ताकतराम, महेश व रूपराम को कटरा सीएचसी पर इलाज के लिए लाया गया। वहीं कटरा के कायस्थान मोहल्ला निवासी सभासद अजीम पुत्र सलीम खान के घर आकाशीय बिजली गिरने से बिजली के सभी उपकरण फुंक गए व शकील खान पुत्र सिद्दीक के घर पर आकाशीय  बिजली गिरने से लिंटर में दरार आ गई व इनवर्टर, पंखा, डिश ,टीवी फुंक गया।

आकाशीय बिजली गिरने से फुंके उपकरण
खुटार। क्षेत्र के गांव बेला में रहने वाले माधवेंद्र शाह ने बताया कि शनिवार की रात वह अपने परिवार के साथ घर के अंदर कमरे में सोए हुए थे। रात में हल्की बारिश भी हो रही थी। तभी रात 12:30 बजे के करीब अचानक तेज आवाज में बिजली कड़की और बिजली कड़क के साथ ही उनके मकान में लगे बिजली उपकरण बल्ब, पंखा, कूलर आदि अचानक कुछ सेकेंड के लिए चालू हो गए। उसके बाद तेज आवाज के साथ ही बिजली की वायरिंग से लेकर पंखा, कूलर आदि फुंक गए। 

बिजली की तेज कड़क के साथ ही विद्युत उपकरण जलने पर उनकी आंख खुल गई। उन्होंने देखा कि घर में लगे सारे बिजली उपकरण जल चुके थे। आकाशीय बिजली गिरने का आभास होने पर उन्होंने रात में ही विद्युत उपकरण के स्विच बंद किया। सुबह उन्होंने इसकी जानकारी गांव में रहने वाले पूर्व प्रधान श्याम पाल वर्मा, सोनू, कुलदीप अवस्थी को दी, तो उन्होंने भी इसी तरह की जानकारी दी। माधवेंद्र शाह ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से उनके घर के साथ ही गांव में रहने वाले पूर्व प्रधान श्याम पाल वर्मा, सोनू और कुलदीप अवस्थी के घर में लगे विद्युत उपकरण भी जल गए हैं।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: रामगंगा हुई विकराल, घरों में घुसा बाढ़ का पानी

संबंधित समाचार