साढ़े तीन महीने में ही हटाये गए प्रतापगढ़ के डीएम प्रकाश चंद्र, संजीव रंजन बने नए जिलाधिकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़ अमृत विचार। आईएएस प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव जिलाधिकारी के रूप में साढ़े तीन महीने ही रह सके। उनको शासन ने रविवार को प्रतापगढ़ से हटा दिया। प्रकाश चंद्र प्रतापगढ़ में पहले एडीएम के रूप में भी सेवा दे चुके थे। मूल रूप से आजमगढ़ जिले के रहने वाले प्रकाश चंद्र को तीन जून को औरैया से हटाकर प्रतापगढ़ का डीएम बनाए जाने का आदेश हुआ था। 

कुर्सी संभालने के बाद वह लगातार सामाजिक कार्यक्रमों में भी सहभागी हुआ करते थे। राम चरितमानस से उनका लगाव विशेष रूप से चर्चा में रहा। मानस सम्मेलनों और अन्य इस तरह के कार्यक्रमों में भी वह बराबर शामिल होते रहे। 

सरकारी कार्यों से समय निकालकर वह मानस पर भी बात करते थे। तुलसी सदन में उनकी सलाह पर मानस की चौपाइयों की पट्टिका भी लगवाई गई। दो दिन पहले जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा में प्रतापगढ़ की स्थिति खराब पाई गई। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव को हटाने का आदेश दिया था।

नवनियुक्त डीएम संजीव 2013 बैच के आईएएस 

प्रतापगढ़ के नए जिलाधिकारी बनाए गए संजीव रंजन मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। वह 2013 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। वह तीसरी बार जिलाधिकारी के रूप में तैनात किए जा रहे हैं। वह इसके पहले गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ भी रह चुके हैं। साथ ही कुशीनगर में संयुक्त मजिस्ट्रेट व सहारनपुर के सीडीओ का दायित्व निभा चुके हैं।

यह भी पढ़ें:-UP IAS Transfer: यूपी में 7 आईएएस अफसरों के तबादले, हर्षिता माथुर बनीं रायबरेली की डीएम, देखें लिस्ट

संबंधित समाचार