Kanpur: हड्डी तोड़ बुखार से सैकड़ों लोग बेहाल, हाथ व पैर उठाने तक में हो रही दिक्कत, हैलट में रोजाना पहुंच रहे इतने मरीज
कानपुर में बुखार के सैकड़ों मरीज रोजाना पहुंच रहे है।
कानपुर में हड्डी तोड़ बुखार से सैकड़ों लोग परेशान है। हैलट, उर्सला, केपीएम व कांशीराम अस्पताल में औसतन रोज एक हजार मरीज पहुंच रहे।
कानपुर, अमृत विचार। जिले में लोगों को हड्डी तोड़ बुखार बेहाल कर रहा है। बुखार पीड़ित लोगों को स्वस्थ होने में 10 से 15 दिन लग रहे हैं। बुखार पीड़ित लोगों को जहां अभी तक चलने फिरने में दिक्कत थी। वहीं, हड्डियों में अधिक समस्या होने पर लोग हाथ व पैर उठा तक नहीं पा रहे हैं। लेकिन रिपोर्ट डेंगू व चिकनगुनिया की निगेटिव आ रही है।
जिले में इस समय वायरल व मच्छरजनित रोगों की भरमार है। रामादेवी स्थित कांशीराम संयुक्त अस्पताल, बिरहाना रोड स्थित केपीएम, उर्सला व हैलट अस्पताल के मेडिसिन ओपीडी में प्रतिदिन करीब एक हजार मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं। इनमें से हर तीसरा मरीज बुखार ग्रस्त है। डॉक्टरों के मुताबिक यह बुखार जहां लोगों के हड्डियों पर काफी अधिक जोर डाल रहा है। लिवर को नुकसान पहुंचा रहा है, इसलिए लोगों को उल्टी व दस्त की समस्या हो रही है।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के प्रो.एसके गौतम ने बताया कि यह बुखार जहां लोगों की हड्डी तोड़ जैसा दर्द दे रहा है। वहीं कुछ मरीजों के लिवर में सूजन भी पाई जा रही है। कुछ की प्लेटलेट्स एक लाख से 20- 30 हजार तक भी गिर गई हैं, ऐसी स्थिति मरीजों को भर्ती करना पड़ रहा है। उर्सला अस्पताल के डॉ. शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि डेंगू के लक्षण वाले कई मरीज अस्पताल में इलाज के लिए आ रहे हैं, लेकिन जांच में डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं है।
