Kanpur Dehat News: नशे में दरोगा ने राहगीरों से की थी अभद्रता, एसपी ने किया निलंबित, रूरा थाने में थी तैनाती
कानपुर देहात में नशेबाजी करने वाला दरोगा निलंबित।
कानपुर देहात में नशे में धुत दरोगा ने राहगीरों से अभद्रता की थी। मामले में एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने दरोगा को निलंबित कर दिया। बता दें कि, दरोगा की रूरा थाने में तैनाती थी।
कानपुर देहात, अमृत विचार। अकबरपुर अंडरपास चौराहे पर नशेबाजी कर राहगीरों ने अभद्रता करने वाले रूरा थाने में तैनात दरोगा पर आखिरकार गाज गिर ही गई। जांच के बाद एसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया है।
बता दें कि करीब पांच दिन पहले रूरा थाने में तैनात दरोगा अशोक श्रीवास्तव किसी काम से अकबरपुर आया था। जिसके बाद वह शराब के नशे में अंडरपास चौराहे पर आते-जाते राहगीरों के साथ अभद्रता करने लगा। लोगों ने इसका विरोध जताया था। लेकिन दरोगा मनमानी पर अड़ा रहा। मौके पर मौजूद यातायात पुलिस कर्मियों ने भी हस्तक्षेप किया था।
मामले की शिकायत पर एसपी ने जांच कराई थी। जिसमें दरोगा के नशेबाजी कर राहगीरों से अभद्रता करने की पुष्टि हुई। एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि अनुशासनहीनता व कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत कार्य करने पर रूरा थाने में तैनात दरोगा अशोक श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई के लिए जांच प्रस्तावित की गई है।
