Banda में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही बोले- किसान मेले में कई तकनीकियों से लाभान्वित होंगे बुंदेली किसान
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही बांदा पहुंचे।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही बांदा पहुंचे। जहां उन्होंने कहा कि किसान मेले में कई तकनीकियों से लाभान्वित बुंदेली किसान होंगे।
बांदा, अमृत विचार। कृषि तकनीकी के विकास एवं प्रसार के लिये किसान मेले का आयोजन अत्यन्त उपयोगी माध्यम है। किसान मेले में कृषकों एवं कृषि से जुड़े सभी हितधारकों का ज्ञान कौशलवर्धन के लिये सुगम एवं प्रभावशाली माध्यम है।
गत वर्ष की भांति कृषि विश्वविद्यालय का प्रसार निदेशालय इस वर्ष भी किसान मेले का आयोजन 27 से 29 अक्टूबर को विश्वविद्यालय परिसर के मेला ग्राउण्ड में करने जा रहा है। इससे बुन्देलखंड के कृषि एवं विश्वविद्यालय द्वारा विकसित की गयी विभिन्न तकनीकियों के माध्यम से कृषक लाभान्वित होगें।
कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मंत्री श्री शाही ने चित्रकूटधाम, झांसी एवं विन्ध्य मण्डल के कृषि की समीक्षा बैठक में उपस्थित राज्य के शीर्ष कृषि अधिकारियों और मण्डल के कृषि पधाधिकारियों की उपस्थिति में किसान मेला 2023 के विवरणिका का विमोचन किया। उन्होंने उपस्थित पधाधिकारियों को मेले के सफल बनाने के लिये विभागीय स्टॉलों के अलावा किसान मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिये निर्देशित किया।
मंत्री ने कहा कि बुन्देलखण्ड परिक्षेत्र और यहां की कृषि का विकास प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शीर्ष प्राथिमिकताओं में है। इसलिये हम सभी का दायित्व है, कि ऐसे आयोजनों में संवेदनशीलता से कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनायें। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.नरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि इस वर्ष किसान मेले का थीम प्रदेश की उभरती अर्थव्यवस्था में बुन्देली कृषि का योगदान रखा गया है।
तीन दिवसीय किसान मेले में बुन्देलखण्ड एवं प्रदेश के कृषकों, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय कृषि शोध संस्थाओं, कृषि विश्वविद्यालयों, निवेश व आदान वितरक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, कृषि व कृषि से सम्बन्धित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता रहेगी।
विश्वविद्यालय के प्रसार निदेशालय के निदेशक प्रो.एनके बाजपेयी ने बताया कि श्रीअन्न फसलें, प्राकृतिक खेती, एग्री र्स्टाटअप, उन्नत कृषि तकनिकियां, कृषक उत्पादक समूहों द्वारा उत्पादित विभिन्न उत्पाद मुख्य आर्कषण रहेगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी, प्राध्यापक व कृषि विभाग के मण्डल एवं जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
