ICC ODI World Cup 2023 : पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं मिला भारत का वीजा, लेना पड़ गया ये फैसला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। वनडे वर्ल्ड कप 2023 भारत की धरती पर 5 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला 14 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके लिए फैंस बहुत ही ज्यादा उत्साहित हैं। लेकिन अब भारत आने से पहले ही पाकिस्तानी टीम के लिए बड़ा संकट हो गया है। पाकिस्तान टीम को अभी तक वीजा नहीं मिला है। जिससे उसे अपने वर्ल्ड कप की तैयार‍ियों के प्लान में बदलाव करना पड़ा है। भारतीय वीजा नहीं मिलने की वजह से अब पाकिस्तान की टीम सीधे हैदराबाद आएगी। दुबई के रास्ते भारत आने के प्लान को कैंसिल कर दिया है। 

क्रिकेट की वेबसाइट क्रिक इंफो ने दावा किया है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम वर्ल्ड कप प्रैक्टिस मैच के लिए हैदराबाद पहुंचने की योजना दुबई के रास्ते तैयार की थी। टीम को दुबई में कुछ दिन रूकना था। उसके बाद हैदराबाद में होने वाले प्रैक्टिस मैच के लिए भारत आना था। पाकिस्तान को वर्ल्ड कप प्रैक्टिस मैच में 29 सितंबर को हैदराबाद में न्यूजीलैंड से भिड़ना है। वहीं दूसरा प्रैक्टिस इसी ग्राउंड पर तीन अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है। वनडे वर्ल्ड कप का पहला मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच होना है। पाकिस्तान अपने वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत 6 अक्टूबर को नीदरलैंड के खिलाफ करेगी। 

पाकिस्तान को भरोसा , वार्म अप मैच से पहले मिल जायेगा वीजा 
भारत में पांच अक्टूबर से शुरू होने वाले क्रिकेट विश्व कप के लिये अपने किट बैग तैयार कर रही पाकिस्तानी टीम को भरोसा है कि हैदराबाद में 29 सितंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ वार्म अप मैच से पहले टीम को वीजा मिल जायेगा।

2016 में किया था आखिरी बार दौरा 
साल 2008 में मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक संबंध खराब हो गए। पाकिस्तान ने आखिरी बार साल 2012-13 में बाइलेटरल सीरीज के लिए भारत का दौरा किया था। उसके बाद पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2016 में भी हिस्सा लेने भारत आई थी। 

ये भी पढ़ें : Asian Games 2023 : एशियाई खेलों की ओपनिंग सेरेमनी आज, हरमनप्रीत सिंह-लवलीन बोरगोहेन होंगे भारत के ध्वजवाहक

संबंधित समाचार