अमरोहा: बुखार से 24 घंटे में दो लोगों की मौत, 40 से ज्यादा लोग वायरल की चपेट में... दहशत
अमरोहा/गजरौला, अमृत विचार। खादगुर्जर गांव में बुखार से एक और महिला की मौत हो गई। 24 घंटे में गांव में दो मौत होने से दहशत का माहौल है। महिला का मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था।
क्षेत्र में बुखार का कहर जारी है। बुखार के साथ ही मरीज की प्लेटलेट्स गिर रही हैं। इसके चलते डेंगू के लक्ष्ण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि सरकारी चिकित्सक बुखार को वायरल बता रहे हैं। बुखार लोगों की जान तक ले रहा है। गजरौला क्षेत्र में बुखार से 10 से ज्यादा लोगों मौत हो चुकी हैं। क्षेत्र के गांव खादगुर्जर निवासी नरेंद्र की पत्नी अंशु को पांच दिन से बुखार था।
परिवार वालों ने उसे नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां शनिवार की सुबह अंशु ने दम तोड़ दिया। वहीं देर रात गांव निवासी बाला देवी की मौत हो गई थी। 24 घंटे के अंदर बुखार से हुईं दो मौत के बाद ग्रामीणों में दहशत है। बताया जा रहा है कि गांव में अभी भी 40 से अधिक लोग बुखार से तप रहे हैं। इनका उपचार अमरोहा, गजरौला, मेरठ व मुरादाबाद के अस्पतालों में कराया जा रहा है। ग्राम प्रधान सचिन कुमार भी बुखार से पीड़ित हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने गांव पहुंचकर किया चेकअप
गजरौला : खादगुर्जर गांव में हुई दो मौतों से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। चिकित्साधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह ने बताया कि टीम को गांव भेजकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। बुखार से पीड़ित मरीजों को दवा भी वितरित की गई है। डेंगू की जांच के लिए खून के सैंपल भी लिए गए हैं।
गांव में अभी भी 40 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। अब तक बुखार से गांव में तीन लोगों की मौत हो गई है। मैं खुद बुखार से पीड़ित हूं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लापरवाही बरत रही है।-सचिन कुमार, ग्राम प्रधान
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: फौजी की मां पर जानलेवा हमला करने वाला निलंबित इंस्पेक्टर गिरफ्तार
