दुस्साहस : रायबरेली में दबंगों ने सिपाही पर चाकू से किये कई वार, अस्पताल में चल रहा इलाज  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खीरों/ रायबरेली, अमृत विचार। गुरुवार की शाम को ग्राम पंचायत भितरी के ग्राम प्रधान के बेटे की दबंगों से हो रही मारपीट की शिकायत पर महरानीगंज बाजार पहुंचे पुलिस चौकी सेमरी में तैनात एक आरक्षी पर दबंगों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। महरानीगंज में ही मौजूद पीआरवी पुलिस ने घायल आरक्षी को गम्भीर हालत में सीएचसी खीरों पहुंचाया। जहां उसका उपचार चल रहा है। 
      
बरेली जिले का निवासी सोनू यादव खीरों थाने के अंतर्गत स्थित पुलिस चौकी सेमरी में आरक्षी के पद पर तैनात है। आरक्षी सोनू यादव ने बताया कि शनिवार को शाम को ग्राम पंचायत भितरी के ग्राम प्रधान कौशलेंद्र सिंह उर्फ लालू सिंह के बेटे अभिषेक सिंह उर्फ शेषर सिंह ने सेमरी चौकी प्रभारी जितेन्द्र कुमार यादव को फोन द्वारा सूचना दी कि खरगापुर निवासी राजेन्द्र शुक्ला उर्फ बड़े शुक्ला और नटवर लाल शुक्ला उर्फ छोटे शुक्ला पुत्र लोकनाथ शुक्ला उसके साथ गाली गलौज और मारपीट कर रहे हैं। चौकी प्रभारी के निर्देश पर वह होमगार्ड विमलेश साहू के साथ महरानीगंज शिकायतकर्ता के पास पहुंचा। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी थोड़ी दूर पर सड़क के किनारे एक होटल पर बैठे हुए हैं। 

वह जैसे ही  होटल पर पहुंचा और आरोपियों से नाम पूछा। वैसे ही उन्होंने आरक्षी सोनू यादव पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने आरक्षी सोनू यादव पर चाकू से ताबड़तोड़ कई बार कर दिए। जिससे वह घायल होकर वहीं पर गिर गया। इसी बीच दोनों हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से भाग गए। महरानीगंज बाजार में ही मौजूद पीआरवी पुलिस ने आनन-फानन में उसे सीएचसी खीरों पहुंचाया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया की आरक्षी सोनू यादव के शिकायती पत्र के आधार पर दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें -उन्नाव में गणेश विसजर्न के दौरान सई नदी में डूबने से शिक्षक व छात्र की मौत

संबंधित समाचार