Fatehpur News : युवती को दुकान में खींचकर गैंगरेप का किया प्रयास, विरोध पर की मारपीट, चार पर FIR

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में युवती को दुकान में खींचकर गैंगरेप का किया प्रयास।

फतेहपुर में युवती को दुकान में खींचकर गैंगरेप का प्रयास किया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर युवती को फेंक दिया। मामले में चार पर एफआईआर दर्ज हुई।

फतेहपुर, अमृत विचार। शहर के पास एक युवती की अस्मत से सरेआम खिलवाड़ का मामला सामने आया है। दरिंदे राहगीर युवती को दुकान में घसीटकर ले गए। निर्वस्त्र कर गैंगरेप का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट कर उसे घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने दुकानदार भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। 

गाजीपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती (19) 21 सितंबर को शहर में बहन के घर आई थी। शनिवार दोपहर करीब एक बजे वह स्कूटी से गांव लौट रही थी। शहर सीमा से कुछ दूर गंभरी गांव में पड़ोसी शाखा गांव का राहुल सोनी की सर्राफा की दुकान है। स्कूटी सवार युवती उसकी दुकान से सामने से गुजर रही थी।

आरोप है कि राहुल सोनी और उसका भाई रोहित, पवन और साथी अंकित सोनी ने उसकी स्कूटी रुकवाई। सरेराह मारपीट कर उसे खींचकर दुकान के अंदर ले गए और उसे निर्वस्त्र कर दिया। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास करने लगे। पीड़िता के विरोध पर आरोपियों ने आभूषण बनाने वाले औजारों से उसे पीटा। उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं।

इतना ही नहीं उसे निर्वस्त्र हालत में दुकान के बाहर फेंक दिया। आरोप है कि उसे जान से मारने का प्रयास भी किया। इसी दौरान बहन का फोन युवती के पास पहुंचा। उसके बाद पुलिस को सूचना दी। आरोपी दुकान में ताला डालकर भाग निकले। पूरे मामले में एएसपी ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर युवती का एक्सरे कराया गया है। मेडिकल परीक्षण सोमवार को कराया जाएगा। मेडिकल जांच रिपोर्ट और बयान के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। 

संबंधित समाचार