धोखाधड़ी: नौकरी दिलाने के नाम पर सपा विधायक ने हड़पे 9 लाख रुपये, केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरचदंपुर सपा विधायक के साथ भाई और साले पर मुकदमा दर्ज 

रायबरेली, अमृत विचार। हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक पर सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी कर 9 लाख रुपए हड़प लेने के मामले में खीरों थाने में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि  सपा विधायक ने भारतीय खाद्य निगम का फर्जी नियुक्ति पत्र दिया था। फर्जीवाड़ा की जानकारी होने पर जब युवक ने विधायक से अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने एक फर्जी चेक थमा दिया। युवक द्वारा विधायक पर जान से मरवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। 

अपर पुलिस महानिदेशक के आदेश पर विधायक सहित तीन नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुलारेपुर निवासी रामनरेश पुत्र जंगली प्रसाद ने अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन, पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ जोन और पुलिस अधीक्षक रायबरेली को शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया है कि विधानसभा क्षेत्र हरचंदपुर के सपा विधायक राहुल लोधी और उनके भाई रोहित लोधी और साले कृष्ण कुमार लोधी उर्फ के के लोधी ने लगभग दो वर्ष पूर्व उनके छोटे भाई धर्मपाल पुत्र जंगली प्रसाद को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर उससे नौ लाख रुपए धोखाधड़ी करके वसूल लिए। 

उसके बाद विधायक राहुल लोधी ने भाई धर्मपाल को भारतीय खाद्य निगम के एक फर्जी नियुक्ति पत्र पर  फर्जी हस्ताक्षर बनाकर भाई धर्मपाल को दे दिया। उसके बाद धर्मपाल को कार्मिक पंजीकरण की फर्जी रसीद भी दे रहे थे और उसके उपस्थिति पंजिका पर फर्जी हस्ताक्षर भी कराते रहे। विधायक राहुल लोधी ने धर्मपाल का भारतीय खाद्य निगम में फर्जी खाता खुलवाया था।  आश्वासन देते रहे कि शीघ्र ही उसका स्थानांतरण गृह जनपद रायबरेली में हो जाएगा। 

इस दौरान जब उसे फर्जीवाड़े की जानकारी हुई तो उसने राहुल लोधी से अपना पैसा वापस देने को कहा। राहुल लोधी ने रामनरेश को एक फर्जी चेक थमा दिया। जो उसने बैंक में जमा किया तो बाउंस हो गई। इसके बाद जब रामनरेश विधायक राहुल लोधी के पास पैसे मांगने पहुंचा तो विधायक ने उसे और उसके परिवार को जान से मरवा देने की धमकी दी।

थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक के आदेश पर पीड़ित के शिकायती पत्र के आधार पर विधायक सहित तीन नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: बिना किरायेनामे के चल रही किराया नगरी, चिनहट क्षेत्र में करीब 200 हॉस्टल संचालित

संबंधित समाचार