संपत्ति के लालच में कत्ल: भतीजे ने कराई थी चाचा की हत्या, एक्सप्रेस वे पर मिला था शव, CCTV से कातिलों तक पहुंची खाकी
कन्नौज में पुलिस ने हत्या की वारदात का खुलासा किया।
कन्नौज में एक्सप्रेस वे पर खून से लथपथ शव मिलने की घटना का पुलिस ने खुलासा किया। संपत्ति के लालच में भतीजे ने चाचा की हत्या कराई थी। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया।
कन्नौज, अमृत विचार। भतीजे ने चाचा की संपत्ति विवाद को लेकर चार लाख रुपये की सुपारी देकर होने वाले दामाद के सहयोग से चाचा की हत्या कराई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से जांच कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने पुलिस लाइन कार्यालय में मामले का खुलासा किया।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गांव टूसावरी निवासी शिवनाथ की हत्या करदी गई थी। शव तालग्राम थाना क्षेत्र में 13 सितंबर को मिला था। एसपी ने दो टीमों को खुलासे की जिम्मेदारी सौपी। टीम ने घटना स्थल से सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से खोज की तो पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। एसपी ने बताया कि हत्या कराने वाला मृतक का भतीजा राजेश निवासी टूसावरी कोतवाली तिर्वा का निकला।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दो भाई थे शिवनाथ एवं बदन सिंह, बदन सिंह के दो लड़के है राजेश एवं विमलेश, राजेश ने अपने पिता की सारी सम्पत्ति अपने दूसरी पत्नी शकुन्तला के नाम करा दी थी। इसमें आपत्ति विमलेश ने लगा रखी थी। मामला कोर्ट मंप चल रहा था। राजेश का यह मानना था कि विमलेश का साथ शिवनाथ दे रहा है यदि इसे रास्ते से हटा दिया जाये तो सम्पत्ति हथियाने का उसका मंसूबा पूरा हो जायेगा।
इसी बात को लेकर राजेश व शिवनाथ का पूर्व में झगडा भी हो चुका था। राजेश की पुत्री अंजली जो दिल्ली में रहती थी उससे एक डेटिंग एप के माध्यम से धर्मवीर से मुलाकात हो चुकी थी। अंजली ने धर्मवीर को अपने माता-पिता से मिलवाया और शादी की बात रखी। इस पर अंजली का परिवार शादी के लिए तैयार हो गया।
राजेश ने अपने जमीन का मामला धर्मवीर को बताया और शिवनाथ को मारवाने के लिए पैसों की बात कर सुपारी दे दी। धर्मवीर इस बात पर तैयार हो गया और उसने अपने मित्र अभिषेक पांडेय से बात कर चार लाख रूपये मिलेंगें। अभिषेक को आफर अच्छा लगा और उसने शिवनाथ की हत्या करने के लिए अपने साथ काम करने बाले गौरव को दो लाख का ऑफर दिया। 23 मई को धर्मवीर अपने साथ गौरव को लाया था और मृतक शिवनाथ का घर रास्ता आदि दिखा दिया।
इसके बाद एक अगस्त को योजना के तहत गौरव ने फरीदाबाद से गाड़ी बुक करके आये और अपने साथियों के साथ शिवनाथ को मारने का प्रयास किया, लेकिन शिवनाथ द्वारा शोर मचा दिया, जिससे आसपास के लोग जग गये। इससे उक्त लोग भाग गये। राजेश व धर्मवीर ने अभिषेक को मृतक शिवनाथ की दिनचर्या की जानकारी दी।
इसके बाद अभिषेक, गौरव एंव इसके अन्य साथियों को इस बात की जानकारी दी। बताया कि मृतक शिवनाथ रोजाना 5-6 बजे शाम कन्नौज-तिर्वा रोड पर स्थित घासी बाबा मन्दिर पर पूजा करने जाते थे। अभिषेक एवं गौरव पूर्व में भी कई बार तिर्वा में शिवनाथ को मारने की नीयत से पीछा कर चुके थे। अभिषेक के आफर पर गौरव कुमार प्रजापति पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी पैगल्टू थाना होडल जिला पलवल हरियाणा अपने साथी शुभम उर्फ नवीन पुत्र सतवीर निवासी पैन्गल्टू थाना होडल जिला पलवल हरियाणा एवं शोएब खान पुत्र मकसूद निवासी ग्राम सलोका थाना मुन्डकटी जिला पलवल हरियाणा ने 12 सितंबर को किराये पर कार लेकर तिर्वा पहुचे।
जब शिवनाथ मन्दिर से पूजा करके घर जा रहा था तभी इन तीनों ने उनके पास कार रोककर प्रोपर्टी के काम के बहाने उनको कार में बिठा लिया। इस के बाद थाना तालग्राम क्षेत्र के अर्न्तगत एक्सप्रेस वे किनारे पेचकस से तीनों ने बेरहमी से एक के बाद कई बार करके शिवनाथ की हत्या कर शव को फेंक दिया और बापस अपने घर चले गये। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद हत्या में प्रयुक्त कार,पेचकस, चार मोबाइल फोन बरामद कर लिये। घटना का सफल अनावरण करने पर एसओजी व थाना तिर्वा टीम की 25,000 रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
हत्या में पकड़े गए आरोपी-
- राजेश पुत्र बदन सिंह निवासी टूसावरी थाना तिर्वा जनपद कन्नौज।
- धर्मवीर पुत्र जनार्दन भगत निवासी माडल टाउन मकान नं0-442 थाना भटिंडा पंजाब।
- अभिषेक पाण्डेय पुत्र ज्ञानेन्द्र पाण्डेय मूल निवासी ग्राम अबहीपुर थाना परसपुर गोण्डा हाल पता म.नं. 185 गली नं.-5 नई बिसलेवा कालोनी अपोजिट ओल्ड फरीदाबाद हरियाणा।
- गौरव कुमार पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी पैगल्टू थाना होडल जिला पलवल हरियाणा।
- शुभम उर्फ नवीन पुत्र सतवीर नि. पैगल्टू थाना होडल जिला पलवल हरियाणा।
वांछित -
शोएब पुत्र मकसूद नि0 सलोंखा निकट सरकारी स्कूल थाना जिला पलवल हरियाणा।
