Jalaun News: बागेश्वर महाराज धीरेंद्र शास्त्री के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी, भारी भीड़ जुटने के बन रहे आसार
जालौन में सोमवार को बागेश्वर महाराज धीरेंद्र शास्त्री पहुंचेंगे।
जालौन में सोमवार को बागेश्वर महाराज धीरेंद्र शास्त्री पहुंचेंगे। पुलिस-प्रशासन ने आगमन से पहले ही तैयारियां पूरी कर ली है।
जालौन, अमृत विचार। देश के प्रसिद्ध कथा वाचकों में एक रहे गोलोकवासी पूज्य संत राजेश्वरानंद जी उर्फ राजेश रामायणी के धाम पचोखरा में जन्मोत्सव पर आयोजित पंचकुंडीय श्रीराम महायज्ञ में शामिल होने के लिए आज सोमवार को बागेश्वर धाम के महाराज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आ रहे है। वह मध्य प्रदेश के हरदा से सीधे हवाई रास्ते से आएंगे। हालांकि वह पचोखरा के अमर शांति आश्रम सड़क के रास्ते से जाएंगे। उनका उड़नखटोला कहां उतरेगा इसको गोपनीय रखा गया है।
पचोखरा धाम के महंत गुरुप्रसाद शर्मा जी ने जानकारी देते हुए बताया कि बागेश्वर धाम के महंत कथा व्यास संत श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री सोमवार को दिन में दो बजे पचोखरा आ रहे है। वह मध्य प्रदेश के हरदा से हैलीकॉप्टर से आएंगे। गाड़ियों के काफिले से वह पचोखरा धाम में गोलोकवासी पूज्य संत राजेश्वरानन्द उर्फ राजेश रामायणी जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे श्रीराम महायज्ञ में पहुचेंगे।
बताया गया है कि पचोखरा में दो घंटे रहेंगे। इस दौरान सबसे पहले वह रामायणी जी की समाधी स्थल पर जाएंगे जहां पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद वह मानस प्रवचन में धर्म की ध्वजा फहराएंगे। शास्त्री के मुखारबिन्दु से श्रोताओं को प्रवचन सुनने को मिलेंगे। बागेश्वर धाम के महाराज के आगमन की सूचना पर यहां का प्रशासन अलर्ट है।
शनिवार को ही अधिकारियों ने पचोखरा पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहां पर बैरीकेडिंग कराई गई है। पार्किंग व्यवस्था से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया है। कार्यक्रम स्थल की लगातार निगरानी की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी ने मौके पर व्यवस्थाओं का मोर्चा संभाले हुए है।
पचोखरा में भारी भीड़ जुटने के आसार
बागेश्वर धाम के महाराज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मध्य प्रदेश के हरदा में चल रहे कार्यक्रम में पचोखरा में आने की घोषणा कर दी जो वायरलहो गई। उनकी ओर से की गई घोषणा के बाद सारी शंकाओं के बादल छट गए और उनके अनुयाइयों को भरोसा हो गया कि जनपद में पूज्य संत का प्रथम वार आगमन होगा और हम सभी को दर्शन मिलेंगे। इससे माना जा रहा है कि सोमवार को पचोखरा में भारी भीड़ जुटने के आसार बन गए है।
