पीलीभीत: भाजपा सांसद वरुण ने कर ली 2024 की तैयारी, 811 प्रतिनिधि नियुक्त कर किए एक्टिव.. मची खलबली!

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। पीलीभीत-बहेड़ी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के सांसद वरुण गांधी की ओर से जनपद में 733 प्रतिनिधि के साथ ही पूरे संसदीय क्षेत्र में 811 प्रतिनिधि नियुक्त कर दिए हैं। इन्हें जनता की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसे सीधे तौर पर आगामी लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। जिसमें भाजपा सांसद ने अपनी एक लंबी टीम को एक्टिव कर दिया है। जिसके बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

बता दें कि करीब साढ़े तीन दशक से इस संसदीय सीट पर 1989 से लेकर 2019 तक इस सीट पर हुए नौ चुनावों में सिर्फ एक बार ही गांधी परिवार को हार का मुंह देखना पड़ा। दो बार वरुण गांधी और छह बार मेनका गांधी सांसद रहीं हैं। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर राजनीतिक दलों में कई दावेदार हैं।  वर्तमान में भाजपा से वरुण गांधी सांसद हैं। बीते कुछ सालों से भाजपा सांसद वरुण गांधी के बयान अपनी ही सरकार पर निशाना साधते दिखे।   किसान आंदोलन, बेरोजगारी, कानून व स्वास्थ्य व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर जनसंवाद कार्यक्रम और सभाओं में उन्होंने काफी खुलकर बोला। अपनी सरकार के कुछ जनप्रतिनिधियों पर भी उनके निशाना साधते हुए बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए।  

इधर, अब सांसद वरुण गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र में विकास को और गति देने व जनसमस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए अपने लोकसभा क्षेत्र पीलीभीत-बहेड़ी के सभी विकास खंड, नगर पंचायत व नगर पालिका स्तर पर कुल 811 प्रतिनिधि नियुक्त किए गए हैं। जिससे खलबली मच गई है।  सांसद प्रवक्ता एमआर मलिक ने बताया कि पीलीभीत जिले में 733 प्रतिनिधि बनाए गए हैं।  

इसमें ललौरीखेड़ा ब्लॉक में 50, मरौरी ब्लॉक में 90, बीसलपुर ब्लॉक में 52, बिलसंडा ब्लॉक में 90, अमरिया ब्लॉक में 70, पूरनपुर ब्लॉक में 138, बरखेड़ा ब्लॉक में 143 प्रतिनिधि हैं। जबकि नगर पालिका पीलीभीत, पूरनपुर व बीसलपुर, नगर पंचायतों में 100 प्रतिनिधि नियुक्त किए गए हैं। इसी तरह संसदीय क्षेत्र में शामिल बरेली जनपद की बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक बहेड़ी, दामखोड़ा व शेरगढ़, बहेड़ी नगर पालिका व क्षेत्र की नगर पंचायतों में 78 प्रतिनिधियों को नियुक्त किया गया है।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत : तीन तलाक पीड़िता से देवर ने किया दुष्कर्म, बच्चे को मारने की दी धमकी..जानिए मामला 

संबंधित समाचार