बरेली: फरीदपुर और लभेड़ा दोनों टोल प्लाजा अवैध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, बरेली, अमृत विचार। एनएचएआई के नियमों के खिलाफ फरीदपुर में टोल प्लाजा बनाकर जनता से रोज लाखों रुपये के टैक्स वसूल करने के खिलाफ बनी संघर्ष समिति ने अपनी मुहिम पर काम शुरू कर दिया है।

सोमवार को पार्षद राजेश अग्रवाल की अगुवाई में समिति के सदस्यों ने एनएचएआई के पीडी बीपी पाठक को केंद्रीय परिवहन मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें फरीदपुर टोल प्लाजा को बंद या शिफ्ट करने और पीलीभीत रोड के फोरलेन होने तक लभेड़ा में टोल प्लाजा पर वसूली बंद करने की मांग की गई है।

समिति ने चेतावनी दी कि अगर 15 दिन के अंदर मांग पूरी न हुई तो वह हाईकोर्ट में पीआईएल दायर करेगी। राजेश अग्रवाल के साथ पीडी को ज्ञापन देने पहुंचे संघर्ष समिति के प्रतिनिधि मंडल में रुहेलखंड उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजकुमार मेहरोत्रा, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष शिवनाथ चौबे, पार्षद आरिफ कुरैशी, पूर्व प्रधान जोगराज सिंह, अरुण शर्मा, मिथुन सिंह, शंकरलाल, रामप्रकाश सिंह, शिवओम गुप्ता, चंद्र तनेजा शामिल थे।

उन्होंने कहा कि फरीदपुर टोल प्लाजा फतेहगंज पश्चिमी के टोल प्लाजा से सिर्फ 44 किमी दूर है। पिछले दिनों परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी लोकसभा में 60 किमी के अंदर दो टोल नाकों को नियमों के मुताबिक अवैध बताया था।

ये भी पढ़ें- बरेली: सौतेले चाचा ने भतीजी के पेट में मारी लात, मौके पर मौत, आरोपी फरार

इसके बावजूद एनएचएआई ने फरीदपुर में अवैध टोल बनाकर वसूली शुरू कर दी। समिति ने चेतावनी दी कि अगर जरूरत पड़ी तो वे लोग सुप्रीम कोर्ट तक जनहित की यह लड़ाई लड़ेंगे।

ये भी पढ़ें : बरेली: बुलडोजर चलाना है तो मेरे घर पर चलाओ, मैं डरने वाला नहीं हूं- अजय राय

संबंधित समाचार