रिश्तों में कत्ल: बड़े भाई ने छोटे के सिर में मारी गोली... मौत, छत पर सोने के दौरान हत्या को दिया अंजाम, आरोपी फरार
कानपुर में बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी।
कानपुर के जूही थानाक्षेत्र के परमपुरवा में बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
कानपुर, अमृत विचार। जूही में रिश्तो को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। जहाँ छत पर सो रहे छोटे भाई को बड़ा भाई गोली मारकर फरार हो गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार, एडीसीपी पूर्वी अंकिता शर्मा, एसीपी संतोष सिंह मौके पर जांच पड़ताल करने पहुँचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्षय एकत्रित करने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया।
जूही परमपुरवा निवासी अजमत खान घर के पास ही परचून की दुकान चलाते हैं। परिवार में पत्नी किस्मतुन निशा, चार बेटे आरजू, इरफान फैसल 20 वर्षीय अदनान और एक बेटी रमसा है। परिजनों ने बताया कि छोटा बेटा अदनान जूही नहरिया के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर में काम करता था। साथ ही बीफार्मा की तैयारी भी कर रहा था। सोमवार रात को अदनान मां के साथ छत पर सो रहा था।
मंगलवार सुबह उनकी मां नमाज पढ़ने के लिए नीचे कमरे में चली गई। इस बीच आरजू छत पर पहुंचा। उसके बाद आरजू ने छत पर सो रहे छोटे भाई अदनान के सिर में गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ अदनान का शव देखकर चीख-पुकार मच गई।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। हत्या की सूचना पर डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार, एडीसीपी साउथ अंकित शर्मा, एसीपी संतोष कुमार मौके पर जांच पड़ताल करने पहुंचे।
अधिकारियों ने घटना से संबंधित परिजनों से पूछताछ की। इसके साथ ही साक्षय एकत्रित करने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। फिलहाल अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार ने बताया कि बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या की है। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आरोपी को गिरफ्तार कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
