बहराइच: जल और जंगल का संरक्षण सभी का कर्तव्य, बैठक में बोले जंग हिंदुस्तानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मोतीपुर/बहराइच, अमृत विचार। जिले के गिरिजापुरी में स्थित वन अधिकार आंदोलन कार्यालय परिसर में मंगलवार को जंगल से सटे गांव के ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता शंकर सिंह ने की। बैठक को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता जंग हिंदुस्तानी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन हमारे प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं, और इनके संरक्षण का कार्य लगातार करना होगा। हमारा संवैधानिक कर्तव्य है कि हम अपने जंगल को लगाने बढ़ाने और उसका सदुपयोग करने के लिए कार्य करें। 

वन अधिकार आंदोलन के महासचिव रामनरेश ने कहा कि तहसील प्रशासन अधिकार प्राप्त वन निवासियों के राजस्व अभिलेख तैयार करने में बेहद लापरवाही से कार्य कर रहा है अभी तक लोगों की खतौनी बनकर तैयार नहीं हो पाई है। महबूबनगर निवासी रामचन्द्र ने कहा कि पिछले दो वर्षों से पंचायत राज विभाग परिवार रजिस्टर जारी न करके वनटांगिया ग्राम के निवासियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। 

लोगों को पहचान का अधिकार नहीं मिल पा रहा है जिससे समस्त कार्य बाधित हो गए हैं। इस संबंध में कई बार बीडीओ से लेकर जिला अधिकारी तक फरियाद की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है मजबूर होकर गांव के लोगों को धरना प्रदर्शन पर उतरना ही पड़ेगा।

आंदोलन अध्यक्ष शंकर सिंह ने कहा कि वन अधिकार कानून के क्रियान्वयन के मामले में तहसील और ब्लॉक के अधिकारी जिलाधिकारी की बातों को नहीं मान रहे हैं और शासन प्रशासन की छवि को धूमिल कर रहे हैं ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध शीघ्र ही बड़े पैमाने पर आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस अवसर पर भवानीपुर, बिछिया, टेडिया, ढकिया कैलाश नगर, हल्दी प्लांट, श्रीराम पुरवा, सुकड़ी पुरवा, तुलसी पुरवा तथा महबूबनगर से आए हुए सैकड़ो वन निवासी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-हरदोई: नगर पालिका की नोटिस के बाद सपा कार्यालय से हटायी गई मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा, जानें वजह

संबंधित समाचार