बहराइच: बारावफात जुलसू की तैयारी को लेकर भिड़े दो समुदायों के लोग, झंडा लगाने के दौरान घरों में फेंके पत्थर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बहराइच, अमृत विचार। जिले के गंगवल बाजार में मंगलवार रात को बारावफात पर्व को लेकर समुदाय विशेष के लोग धार्मिक स्थल के सामने और लोगों के मकान पर झंडा लगा रहे थे। जिसका बहुसंख्यक समाज के लोगों ने विरोध किया तो दूसरे समुदाय के लोगों ने ईंट पत्थर फेकना शुरू कर दिया। जिसमें एक युवा घायल हो गया। इतना ही नहीं मकान के अंदर पत्थर फेंकने से घर में खड़े वाहन भी टूट गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाजार में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

बता दें कि गुरुवार को होने वाले बारावफात को लेकर विशेष समुदाय के लोग तैयारी में जुटे हुए हैं। विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के गंगवल बाजार में मंगलवार रात करीब 10:00 बजे विशेष समुदाय की ओर से हिंदुओं के घरों के सामने व दरवाजों पर हरा रंग मक्का मदीना का झंडा लगाया जा रहा था। धार्मिक स्थल के सामने भी झंडा लगाया जा रहा था। इसको लेकर विवाद हो गया।

गंगवल बाजार निवासी गुड्डू जायसवाल व संतोष जायसवाल, राम जी सोनी के घरों पर झंडा लगाने को लेकर मामला तूल पकड़ लिया। बहुसंख्यक समाज के लोगों ने घरों के ऊपर झंडा लगाने का विरोध किया। इस पर धीरे-धीरे एक विशेष समुदाय के लोग इकट्ठा हो गए और ईट पत्थर चलाने लगे। जिससे अनुराग जायसवाल को चोटें आई है।

घटना की सूचना पुलिस को मिलने पर आधे घंटे से अधिक देरी पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला तथा उच्च अधिकारियों को सूचना मिलते ही बाहरी फोर्स भी मौके पर पहुंच गई, पूरी रात पुलिस गस्त करती रही, इस मामले में आधा दर्जन लोगों को पुलिस पड़कर थाने ले गई है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक अनुज त्रिपाठी का पक्ष जानने के लिए उन्हें फोन लगाया गया तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।

पथराव होता रहा, देर से पहुंची पुलिस
गंगवल बाजार में मंगलवार रात 10 बजे झंडा लगाने को लेकर लोगों की ओर से जमकर पथराव हुआ। इसकी जानकारी वहां पड़े ईंट पत्थर बता रहे हैं। लेकिन ग्रामीणों की सूचना के बाद भी पुलिस को पहुंचने में देर हो गई। जिससे जमकर बवाल हुआ।

दर्ज हुआ केस, पुलिस है तैनात
गंगवल बाजार में जानकारी मिली है कि कुछ लोगों द्वारा दूसरे के मकान पर झंडा लगाया जा रहा था। जिसके बाद विवाद शुरू हुआ है। उन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है...,आनंद कुमार राय सीओ।

यह भी पढ़ें:-एशियन गेम्स 2023: चीन में एबाद अली ने लहराया अयोध्या का परचम, पुरुष नौकायन में झटका कांस्य पदक

संबंधित समाचार