शाहजहांपुर: छात्रा की सुरक्षा को लेकर एसपी ने लगाई निगोही पुलिस की क्लास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

थाने के पास छेड़छाड़, फिरभी तहरीर का इंतजार कर रही थी पुलिस

निगोही, अमृत विचार। थाने के सामने छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी पुलिस के हत्थे लगने के बाद भी छोड़ दिया गया। थाना पुलिस ने छात्रा अथवा परिजनों की ओर से तहरीर न मिलने की बात कहकर पल्ला भी छाड़ लिया था, लेकिन मामला एसपी अशोक कुमार मीणा के संज्ञान में आया तो वह गंभीर हो गए। उन्होंने थाना पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिए। आनन फानन पुलिस छात्रा के घर पहुंची। परिजन इज्जत की खातिर कोई कार्रवाई नहीं करना चाहते थे, लेकिन समझा बुझाकर पुलिस तहरीर लिखा लाई और रात 11 बजे दोनों आरोपियों को धर दबोचने के साथ ही गुरुवार को चालान कर दिया।

थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती लगभग पांच किलोमीटर दूर नगर के एक इंटर कॉलेज में 12वीं की छात्रा है। उसका साइकिल से रोजाना आना जाना होता है। कुछ दिन से गांव डींग निवासी अमित और अरविंद बाइक से छात्रा का पीछा कर रहे थे। छात्रा को जब अहसास हुआ कि युवक उसी का पीछा कर रहे हैं तो उसने यह बात अपने घर पर माता-पिता को बताई।

पिता ने बेटी से कहा कि इस बात की शिकायत स्कूल के प्रधानाध्यापक से करना, वह युवकों को अपने स्तर से समझा देंगे। इस पर छात्रा ने स्कूल के प्रधानाचार्य से युवकों द्वारा पीछा किए जाने की बात बताई। दोनों आरोपी युवक कॉलेज के छात्र नहीं हैं। प्रधानाचार्य ने छात्रा द्वारा की शिकायत को गंभीरता से लिया और युवकों को सबक सिखाने के लिए बुधवार दोपहर 12: 55 बजे छुट्टी के समय कॉलेज गेट के पास खड़े हो गए।

जैसे ही छात्रा स्कूल गेट पर पहुंची, तभी दूर खड़े युवकों ने छात्रा को देखकर छेड़खानी शुरू कर दी। इतने में प्रधानाचार्य ने अपने साथी टीचरों व कॉलेज के छात्रों की मदद से आरोपियों में से एक को दौड़ाकर पकड़ लिया, लेकिन उसका साथी मौके से फरार हो गया। प्रधानाचार्य ने छात्रा के पिता को बुलवाकर आरोपी युवक को पुलिस की सुपुर्दगी में दे दे दिया। जहां से पुलिस ने बिना किसी कार्रवाई के आरोपी युवक को देर शाम छोड़ दिया।

इधर, देर शाम मामले की जानकारी एसपी अशोक कुमार मीणा तक पहुंची तो उन्होंने निगोही एसओ राजेश कुमार को लाइन पर ले लिया और पूछा क्या कार्रवाई की गई, जैसे ही थानाध्यक्ष ने कार्रवाई से इंकार किया तो एसपी का पारा हाई हो गया और उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद रात करीब 11 बजे पुलिस गांव पहुंची और छात्रा से घटनाक्रम के बारे में जानकारी की। परिजन तहरीर देने को तैयार नहीं थे, लेकिन पुलिस ने समझा बुझाकर उसकी मां की ओर से तहरीर ले ली। इसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में दोनों आरोपियों को खोज निकाला। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर गुरुवार सुबह दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: फंदे से लटका मिला महिला का शव, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

संबंधित समाचार