चित्रकूट: छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाया और धकेलकर भागे बदमाश
चित्रकूट, अमृत विचार। कोतवाली अंतर्गत एक मुहल्ले निवासी एक छात्रा को युवकों ने जबरन बाइक पर बैठा लिया। बाद में ये युवक छात्रा को मंदाकिनी नदी पुल के पास बाइक से धकेलकर भाग गए। घायल छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने छात्रा का हालचाल लिया और अधीनस्थों को आरोपियों की जल्द धरपकड़ के निर्देश दिए। वहीं घायल छात्रा की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल से लखनऊ पीजीआई रिफर किया गया। बताया जाता युवक नकाबपोश थे।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर शाम धुस मैदान स्थित एक कंप्यूटर कोचिंग इंस्टीट्यूट से एक छात्रा पढ़कर घर जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे जबरन बैठा लिया और ले जाने लगे। माना जा रहा है कि छात्रा के पहचान लेने पर युवक मंदाकिनी नदी के पास बाइक से धकेलकर भाग निकले। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि छात्रा से जानकारी लेकर युवकों का पता लगाया जाएगा।
घटना की सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। चहलपहल वाले इलाके में हुई इस घटना से लोगों में आक्रोश है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने अस्पताल पहुंचकर छात्रा से जानकारी ली और अधीनस्थों कोआरोपियों की जल्द धरपकड़ करने के निर्देश दिए।
