Kanpur News: सिकंदरा- चौडगरा हाईवे चौड़ीकरण की डीपीआर बनेगी, स्टेट हाईवे प्राधिकरण ने शुरू की टेंडर की प्रक्रिया
सिकंदरा- चौडगरा हाईवे चौड़ीकरण की डीपीआर बनेगी।
सिकंदरा- चौडगरा हाईवे चौड़ीकरण की डीपीआर बनेगी। जिसके लिए स्टेट हाईवे प्राधिकरण ने टेंडर की प्रक्रिया शुरू की। अक्टूबर के पहले हफ्ते में निविदा मांगी जाएगी।
कानपुर, अमृत विचार। फतेहपुर के चौडगरा से भोगनीपुर होते हुए कानपुर के देहात के सिकंदरा तक स्टेट हाईवे को फोरलेन बनाने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने का काम नवंबर में शुरू होगा। कंसलटेंट नामित करने की प्रक्रिया उप्र राज्य राजमार्ग प्राधिकरण ने शुरू कर दी है। प्राधिकरण ने इसके लिए टेंडर मांगे थे पर जो कंपनियां आईं वह मानक खरी नहीं उतरीं। ऐसे में दोबारा अक्टूबर के पहले हफ्ते में टेंडर मांगे जाएंगे। पहले 82.53 किलोमीटर लंबे इस हाईवे का चौड़ीकरण होना था अब लंबाई 27 किलोमीटर और बढ़ जाएगी।
यह मार्ग अभी दो लेन है इस वजह से जाम लगता है। भोगनीपुर से चौडगरा तक पहले इस मार्ग को फोर लेन बनाया जाना था तब इसकी लागत 1136.44 करोड़ रुपये आंकी गई थी। झांसी और इटावा की ओर से आने वाले वाहन जिन्हें प्रयागराज की जाना होता है वे फतेहपुर के रास्ते जाते हैं। इससे उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। जबकि सिकंदरा से भोगनीपुर होते हुए चौडगरा जाने पर दूरी भी कम होगी और समय भी कम लगेगा।
हालांकि अभी यह मार्ग टू लेन है। इस मार्ग पर यातायात के दबाव के कारण जाम भी लगता है और सड़क आए दिन टूटती है। इस हाईवे का चौड़ीकरण सिकंदरा से चौडगरा तक किया जाएगा। नए सिरे से टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
घाटमपुर में 4.6 किलोमीटर लंबा एक बाईपास बनाया जाना है। भोगनीपुर, घाटमपुर और चौडगरा रेलवे रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनेगा। भोगनीपुर से चौडगरा तक भूमि अधिग्रहण हो चुका है। भोगनीपुर से सिकंदरा के बीच भूमि अधिग्रहण होगा। कितनी भूमि अधिग्रहीत की जाएगी यह सर्वे के बाद ही तय होगा।
सिकंदरा तक मार्ग को चौड़ा करने के लिए डीपीआर बनेगी। कंसलटेंट नामित करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही दोबारा टेंडर मांगे जाएंगे।- विमल कुमार, जीएम तकनीकी उपसा
