रायबरेली: डांस मूव्स से बच्चों में शिक्षक कौशलेश ने जगाई स्वच्छता की अलख, देखें Video
रायबरेली, अमृत विचार। स्कूल में बच्चों को डांस सिखाकर देश में चर्चित हुए प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक कौशलेश मिश्रा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उनकी चर्चा हो रही है प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो के पेज पर उनके स्वच्छता मिशन से जुड़े फोटोग्राफ्स लगाए जाने पर। खास बात यह है कि पीआईबी ने उनके डांस वाले वायरल वीडियो को महत्व देते हुए हेडिंग में लिखा है। डांस मूव ही नहीं अब स्वच्छता मूव्स भी सीखिये।
अपने नए प्रयोग और शिक्षा में नवाचार के सिद्धांत को अलग रूप देने वाले शिक्षक कौशलेश मिश्रा सेलिब्रिटी बन चुके हैं। शिक्षक कौशलेश मिश्रा ऊंचाहार ब्लॉक के भवानीदीनपुर प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं। बीते दिनों पंद्रह अगस्त के लिए बच्चों को डांस मूव सिखाते उनका वीडियो वायरल हुआ था।
वायरल वीडियो में कौशलेश मिश्रा ताल से ताल मिला गाने पर बच्चों को किसी मंझे हुए कोरियोग्राफर की तरह स्टेप्स सिखाते हुए वायरल हुये थे। वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आये तो मालूम हुआ कि उन्होंने पढ़ाई के साथ नवाचार माध्यम से स्कूल में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए शुरू से ही डांस का सहारा लिया था। उनके इस प्रयास से स्कूल में अप्रत्याशित रूप से छात्र संख्या बढ़ी भी है।
कौशलेश मिश्रा ने अपने नवाचार को राष्ट्रीय मिशन से जोड़ते हुए बच्चों को अनोखे अंदाज में स्वक्षता मिशन का पाठ पढ़ाया तो पीआइबी (प्रेस इनफार्मेशन ब्यूरो भारत सरकार) ने उन्हें अपने पेज पर जगह देकर उनका सम्मान बढ़ाया है। कौशलेश प्रदेश के साथ देश के ऐसे पहले शिक्षक बन गए हैं जिनके स्वच्छता के डांस मूव्स और हुक्स को पीआईबी में जगह मिली है।
इस उपलब्धि पर शिक्षक कौशलेश का कहना है कि मेरी कोशिश है कि प्राथमिक स्कूल के बच्चे कुछ अलग कर सकें। खेल और डांस के मूव्स से बच्चे स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बना रहे हैं। जब स्वच्छता पखवाड़ा शुरू हुआ था तो मैंने कुछ ऐसा करने को सोचा था कि ऐसा डांस मूव्स हो जो हमेशा याद रखा जाए। कहा कि अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वह खुद स्वच्छता को लेकर जागरूक हों और बच्चों को भी स्वच्छता कि पाठ पढ़ाएं।
यह भी पढ़ें;-स्वच्छता के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है: आईजी रामकृष्ण
