Chitrakoot: किशोरी के अपहरण मामले में आया नया मोड़, CCTV फुटेज में अकेले जाते दिखी, दो अज्ञात पर FIR दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में किशोरी के अपहरण मामले में नया मोड़ आया।

चित्रकूट में किशोरी के अपहरण मामले में नया मोड़ आया। सीसीटीवी फुटेज में किशोरी अकेले जाते दिखी। पिता ने दो अज्ञात पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई।

चित्रकूट, अमृत विचार। शनिवार रात किशोरी के अपहरण मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने बताया कि इलाके में लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से सामने आया है कि छात्रा का अपहरण नहीं हुआ था बल्कि वह अकेले और पैदल ही नदी की ओर गई थी। 

शनिवार की शाम लगभग सात बजे इस खबर से हड़कंप मच गया कि बाइकसवार दो युवकों ने एक लगभग 17 वर्षीया किशोरी, जो कक्षा बारह की छात्रा है, का तब अपहरण कर लिया, जब वह धुस मैदान स्थित एक संस्थान से कंप्यूटर कोचिंग करके घर जा रही थी। सरेशाम चहलपहल वाली जगह से हुई इस घटना से तरह तरह की बातें हवा में तैरने लगीं और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

आनन-फानन में पुलिस के शीर्ष अधिकारी मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। एसपी ने पूरे मामले की पड़ताल की कमान संभाली और जिला अस्पताल में छात्रा और परिजनों से पूछतांछ की। बाद में एसपी ने पैदल घटनास्थल का मुआयना किया।

सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। एसपी ने बताया कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर मिले सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से साफ है कि छात्रा पैदल ही पुल तक पैदल जा रही है। ऐसा लगता है कि उसने आत्महत्या का प्रयास किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।     

घायल छात्रा पीजीआई रिफर

जानकारी के अनुसार, छात्रा के गिरने से उसे सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। पहले उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। बाद में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छात्रा की हालत स्थिर है। उसे बेहतर इलाज के लिए केजीएमयू लखनऊ रिफर किया गया है। उसके साथ अपर पुलिस अधीक्षक को भी भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक, छात्रा के सिर पर गंभीर चोट आई है और वह बेहोश है।  

परिजनों ने कहा, हुआ अपहरण

हालांकि पुलिस की थ्योरी और तथ्यों पर परिजनों को यकीन नहीं। छात्रा के पिता ने दो अज्ञात लोगों पर बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए गंभीर धाराओं पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया है कि 30 सितंबर की शाम लगभग पांच बजे उसकी बेटी कोचिंग से पानी पीने बाहर आई तो देखा कि बगल का दुकानदार उसकी स्कूटी की सीट फाड़ रहा था इस पर उससे कहासुनी हो गई।

कोचिंग संचालक से भी उसने दुकानदार की अभद्रता के संबंध में बताया। बाद में जब वह छुट्टी के बाद कोचिंग से बाहर आई तो दो लोग बाइक से वहां पहुंचे और उसका मुंह दबाकर जबर्दस्ती ले गए। बाद में इसको मंदाकिनी पुल से धक्का दे दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। आरोपी उसे मृत मान छोड़कर चले गए।     

सदर विधायक भी पहुंचे लेने हालचाल

छात्रा का हालचाल लेने सपा विधायक अनिल प्रधान भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इलाज की बेहतर व्यवस्था के निर्देश दिए। परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

संबंधित समाचार