बरेली: बापू और शास्त्री की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया उन्हें याद
बरेली, अमृत विचार। आज देश की दो महान हस्तियों महात्मा गांधी और भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है। जिसको लेकर देशभर में जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर दोनों हस्तियों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। इसी क्रम में बरेली में भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को याद किया गया। वहीं भाजपा नेताओं ने भी दोनों महापुरुषों की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
आज सुबह यूपी के वन मंत्री डॉ अरुण कुमार, मेयर डॉ उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद संतोष गंगवार और बीजेपी महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना समेत बड़ी संख्या में भाजपाइयों ने सबसे पहले गांधी उद्यान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस दौरान सभी ने बापू के बताए मार्ग पर चलने और स्वच्छता की शपथ ली। इसके बाद सभी भाजपा नेता कैंट स्थित लाल बहादुर शास्त्री चौक पर पहुंचे, जहां उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया। दरअसल, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई जाती है। दोनों ही हस्तियों को उनके विशेष योगदान के लिए याद किया जाता है।
महात्मा गांधी ने आजादी की लड़ाई में अहिंसा के मार्ग पर चलकर हमें अंग्रेजों से आजादी दिलाई। जबकि लाल बहादुर शास्त्री की पहचान सच्चे देशभक्त, महान स्वतंत्रता सेनानी के साथ ही दूरदर्शी, ईमानदार और निष्ठावान राजनेता के रूप में है। जिन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए देश को कई संकटों से उबारा और देश की उन्नति में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। यही वजह है कि 2 अक्टूबर को दोनों महापुरुषों की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें याद किया जाता है।
इस अवसर पर मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि बापू की जयंती पर स्वच्छांजलि कार्यक्रम का असर देखने को मिल रहा है। आज भी शहर के लोगों की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अगर ये जन आंदोलन बन जाए तो बरेली स्वच्छता की ओर बढ़ता नजर आएगा। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद संतोष गंगवार ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने देश को जिस दिशा में ले जाने का काम किया, वो अविस्मरणीय है। साथ ही उन्होंने दोनों विभूतियों के बताए रास्ते पर चलने की अपील की।
ये भी पढ़ें- बरेली: गुरुद्वारे में सजा कीर्तन दरबार, सोमवार को सुबह 10 से 3 बजे तक सजेगा मुख्य दीवान
