रामपुर : गांधी समाधि पर शान से लहराया तिरंगा, सांसद-विधायक और डीएम ने पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रपिता को किया याद
रामपुर, अमृत विचार। गांधी समाधि पर तिरंगा शान से लहराया। ध्वजारोहण सांसद, विधायक और जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद गांधी समाधि पर पुष्पांजलि की और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। राजकीय खुर्शीद कन्या इंटर कालेज की छात्राओं ने राष्ट्रीय और रामधुन प्रस्तुत की। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने अहिंसा की शपथ ग्रहण कराई।
गांधी समाधि पर सोमवार की सुबह 8:30 बजे ध्वजारोहण हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि रामपुर वालों के लिए सौभाग्य की बात है कि रामपुर में गांधी समाधि है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारना ही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
शहर विधायक आकाश सक्सेना उर्फ हनी ने कहा कि रामपुर का सौभाग्य है कि महात्मा गांधी स्वयं रामपुर दो बार आए और यहां के लोगों से मिले। रामपुर में गांधी समाधि होना रामपुर वालों के लिए गर्व की बात है। इससे पहले विधायक ने स्कूलों बच्चों से भारत माता की जय के जयघोष लगवाए। सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने कहा कि भारत विश्व गुरू बनने जा रहा है और शीघ्र ही सोने की चिड़िया बनेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डा. नंद किशोर कलाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य, अपर जिलाधिकारी राजस्व एवं वित्त हेम सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली आदि मौजूद रहे। प्रात: 6:30 बजे हुई क्रास कंट्री दौड़ की विजेताओं को सांसद, विधायक और जिलाधिकारी ने पुरस्कृत किया।
ये भी पढ़ें : राजघाट ही नहीं यूपी के रामपुर में भी दफ्न हैं बापू की अस्थियां
