मुरादाबाद : मंत्री जितिन प्रसाद ने महात्मा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि, 16 गो आश्रय स्थलों के कार्य का किया शिलान्यास
पंचायत भवन में लोकार्पण करते मंत्री जितिन प्रसाद।
मुरादाबाद,अमृत विचार। जिले के प्रभारी व प्रदेश सरकार में लोकनिर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के आयोजन के क्रम में यह सभी आयोजन चल रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के संकल्पों को अब साकार किया गया है। देश चंद्रयान के माध्यम से चांद पर पहुंचकर इतिहास रच दिया। जी 20 का सफल आयोजन पूरे विश्व में सराहा गया। महिला आरक्षण बिल नारी शक्ति वंदन को सर्वसम्मति से संसद से पारित कराकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को अधिकार संपन्न और सशक्त बनाने का मार्ग और प्रशस्त कर दिया है।
जिले के प्रभारी मंत्री सोमवार को पंचायत भवन सभागार में स्वच्छता ही सेवा अभियान को गांधी शास्त्री जयंती के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। इसके पहले उन्होंने निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए जिले के आठ ब्लाकों में बनने वाले 16 गो आश्रय स्थलों के कार्य का शिलान्यास किया। स्वागत गीत कौशल्या इंटर कॉलेज व राष्ट्र भक्ति गीत आकांक्षा विद्यापीठ की छात्राओं ने प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद
प्रभारी मंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि दी गई है। मुरादाबाद महानगर को स्वच्छता के मामले में प्रदेश में शिखर पर पहुंचे इसके लिए जन सहयोग जरूरी है। कोई भी योजना जन सहयोग के बिना सफल नहीं होता है। आज प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और जल्द ही देश का नंबर एक विकसित प्रदेश होगा। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री के जय किसान के नारे और संकल्प की देन है कि आज पूरे विश्व में भारत का अनाज भेजा जा रहा है। उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि प्रदेश की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने के साथ नई सड़कों के निर्माण में अब तेजी आएगी।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि आयुष्मान पखवाड़े में एक लाख आयुष्मान कार्ड अभियान में बना है। निराश्रित गोवंश के लिए हर ब्लॉक में दो गोवंश आश्रय स्थल का शिलान्यास प्रभारी मंत्री ने किया। इसमें आठ हजार निराश्रित गोवंश संरक्षण होगा। गोवंश संरक्षण कोष में 15 लाख से अधिक रुपये एकत्रित जमा कराए गए हैं। हर निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल से 10 गांव जोड़े जाएंगे। भूसा बैंक स्थापित किया जाएगा। प्रत्येक किसान से एक क्विंटल भूसा लिया जाएगा।

लाभार्थियों को योजनाओं का प्रमाणपत्र देते प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद।
मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित अचल दीक्षित, बलदेव राज अरोड़ा, कुशलपाल, पीयूष, देवेंद्र सिंह सिसौदिया, विवेक दीक्षित, वेद प्रकाश धींगड़ा आदि का स्वागत व सम्मान स्मृति चिन्ह देकर किया। बबली और अंजू को 63 लाख का चेक राष्ट्रीय आजीविका मिशन। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी कलावती, रूखसाना को आवास की चाभी दी गई। मनरेगा में खेत तालाब के लिए ऋषिपाल, मुख्यमंत्री स्वच्छ भारत अभियान ग्राम प्रधान मिलक अमावती के प्रधान गार्गी देवी को सम्मान व प्रमाणपत्र दिया गया। संचालन डा. विशेष कुमार शर्मा ने किया। आयोजन में एमएलसी सतपाल सिंह सैनी, गोपाल अंजान, डा. जयपाल सिंह व्यस्त, महापौर विनोद अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष संजय शर्मा, विशेष गुप्ता, डा. गौरव श्रीवास्तव, अल्पना गुप्ता, मदालसा शर्मा, श्याम बिहारी शर्मा, निमित्त जायसवाल, संजय ढाका आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : जागरूकता के दावों पर बट्टा है दहेज प्रताड़ना का दंश, परामर्श केंद्र पर नहीं निपट रहे मामले
