सुलतानपुर: सौ बेड के अस्पताल से हो रहा लोगों का मोह भंग, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया था लोकार्पण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जयसिंहपुर/सुलतानपुर, अमृत विचार। स्थानीय लोगों को अपने ही क्षेत्र बिरसिंहपुर में सौ बेड के अस्पताल की सौगात मिली थी। अस्पताल की सौगात मिलने से जयसिंहपुर व कादीपुर तहसील के दो सौ से अधिक राजस्व गावों के लोगों में खुशी थी कि अब उन्हें जिला मुख्यालय स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नहीं जाना पड़ेगा। लेकिन उनकी खुशी तब धराशाई हो गई जब कार्यदाई संस्था ने नियत समय पर भवन बनाकर नहीं दिया।

सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय का प्रयास रंग लाया। बीते मार्च में शासन स्तर से 13 चिकित्सकों की तैनाती कर अस्पताल संचालन का निर्देश मिला तो लोगों में एक बार फिर से उम्मीद की किरण जग गई। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पताल का लोकार्पण किया। स्टाफ नर्स के साथ संविदा पर कर्मियों की तैनाती भी कर दी गई। स्थानीय लोगों को लगा अब अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होगी। लेकिन स्थानीय लोगों को निराशा ही हाथ लगी। इलाज के लिए आए लोगों को जब चिकित्सक ही नहीं मिलते तो उन्हे लौटना पड़ता है।

cats004

मंगलवार को जब सौ बेड के अस्पताल का जायजा लिया गया तो सर्जरी क्लीनिक में डा. जय शंकर सिंह ईएमओ, बाल रोग विशेषज्ञ डा आफताब, अस्थि रोग विशेषज्ञ डा जीसी पाठक, आर्थोपेडिक डा सोहन स्वरूप शर्मा अपने केबिन में इलाज करते मिले। लेकिन मरीजों की संख्या बहुत ही कम थी। दोपहर 12 बजे तक कुल 54 रोगियों का पंजीकरण हुआ था। बताते चलें कि बीते दिनों यही ओपीडी में तीन सौ से अधिक रोगियों का पंजीकरण होता था।

एक्सरे, प्रसव, सीबीसी, सर्जरी व फिजियोथेरेपी नही हो सकी शुरू
सीएमओ के निर्देश के बावजूद अभी तक न तो प्रसव सेवा शुरू हो सकी न ही एक्सरे मशीन आ सकी, जबकि एक्सरे टेक्नीशियन की तैनाती हो चुकी है। खून जांच के लिए अभी तक सीबीसी मशीन भी नहीं आ पाई है। वहीं फिजियोथेरेपी के लाखों के उपकरण धूल फाक रहे हैं। सर्जन डा फिरोज खान रविवार को ज्वाइन कर छुट्टी पर चले गए। अस्पताल में समुचित इलाज न मिलने के कारण स्थानीय लोगों का सौ बेड के अस्पताल से मोह भंग होना लाजमी है। सीएमएस डा राजकमल चौरसिया ने बताया कि बरसात के चलते रोगी कम आए हैं। बाकी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का प्रयास जारी है।

यह भी पढ़ें: प्रयागराज: अतीक के बेटे अली का एक और साथी गिरफ्तार, भेजा जेल

संबंधित समाचार