कानपुर सेंट्रल आने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर, अब प्राइवेट डॉक्टर भी करेंगे यात्रियों का इलाज, एंबुलेंस भी रहेगी मौजूद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर सेंट्रल पर प्राइवेट डॉक्टर भी यात्रियों का इलाज करेंगे।

कानपुर सेंट्रल पर प्राइवेट डॉक्टर भी यात्रियों का इलाज करेंगे। यात्रियों की सुविधाओं के लिए जल्द शुरुआत होगी। रेलवे प्रशासन की ओर से जगह का चुनाव हुआ।

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर सेंट्रल पर प्राइवेट डॉक्टर भी यात्रियों की देखभाल के लिए मौजूद रह सकेंगे। इसके लिए सेंट्रल के प्लेटफॉर्म 1 पर व्यवस्था की जा रही है। रेलवे अधिकारी मान रहे हैं कि यात्रियों को मिलने वाली सुविधा के लिए इसी महीने टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 

सेंट्रल पर ‘मेडिकल फेसिलिटी सेंटर’ के लिए जीआरपी के बगल में जगह का चयन किया गया है। इसके शुरू हो जाने से सेंट्रल पर 24 घंटे यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी। 24 घंटे सुविधा शुरू किए जाने के लिए सेंटर पर तीन डॉक्टर 8 घंटे की शिफ्ट में काम करेंगे। इसके अलावा सेंटर पर सुविधा लेने आए यात्रियों को भी दवाइयों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सेंटर पर ही उन्हें दवाइयां भी उपलब्ध हो सकेंगी।

खास बात यह है कि यह सुविधा प्राइवेट सेंटर की तरह कार्य करेगी। सुविधा के लिए रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सेंट्रल के पुनर्विकास के साथ ही इस तरह की सुविधा का होना बहुत जरूरी माना जा रहा है। पूर्व में सुविधा के लिए टेंडर जारी किया गया था। बावजूद इसके किन्हीं वजहो से इसे लागू नहीं किया जा सका।  

एंबुलेंस भी रहेगी मौजूद

प्राइवेट सेंटर पर सेंट्रल पर 24 घंटे एंबुलेंस की सुविधा भी यात्रियों को मिल सकेगी। इसके लिए भी टेंडर पर प्रावधान किया गया है। इससे जरूरत पड़ने पर यात्री को आपातकाल स्थिति पर तुरंत प्राइवेट नर्सिंग होम या फिर नजदीक के अस्पताल में तुरंत ही भर्ती कराया जा सकेगा। 

इसलिए पड़ी जरूरत

कानपुर सेंट्रल पर रोजाना औसत 27 ऐसे मामले आते हैं जिनमें तुरंत डॉक्टर या दवाइयों की जरूरत पड़ती है। खासबात यह है कि यात्रियों में सबसे अधिक इंसुलिन की मांग सामने आई है। ऐसी स्थति में कई बार रेलवे के डॉक्टरों को सेंट्रल तक आने में देरी होती है। दवाइयां भी देर से पहुंच पाती है। इसलिए इस तरह के सेंटर को सेंट्रल पर ही खोले जाने की प्रक्रिया चल रही है।

संबंधित समाचार