नियम विरुद्ध कनेक्शन प्रकरण: रामपुर में आठ उपभोक्ताओं को भेजे गए नोटिस, जवाब न देने पर कटेगा कनेक्शन
जेई ने अपनी जेब गर्म कर 250 से 300 मीटर केबिल खींचकर कर दिए थे कनेक्शन
रामपुर, अमृत विचार। जेई द्वारा नियम विरुद्ध किए गए कनेक्शन के मामले में उपभोक्ताओं को दंड भुगतना पड़ेगा। जेई ने आठ कनेक्शन धारकों को नोटिस जारी किया है, जिनका कनेक्शन नियम विरुद्ध तरीके से गुआ था। वहीं मामले का संज्ञान लेकर अधीक्षण अभियंता ने एक्सईएन को मामले के जांच निर्देश दिए हैं।
बिलासपुर के सुभाषनगर डिबडिबा इलाके में जेई ने मोटी रकम लेकर बूंदी की तरह कनेक्शन बांट दिए थे। मामले की शिकायत अन्य उपभोक्ताओं ने अधिशाषी अभियंता से की। उपभोक्ताओं का कहना है कि डिबडिबा कालोनी में 10 से 12 लोगों को नियम विरुद्ध कनेक्शन दिए गए हैं।
नियमों के मुताबिक किसी भी कनेक्शन के लिए खंभे से 40 मीटर से ज्यादा की दूरी होने पर कनेक्शन नहीं दिया जा सकता। लेकिन जेई ने अपनी जेब गर्म कर 250 से 300 मीटर की केबिल खींचकर कनेक्शन कर दिए। मामला जब तूल पकड़ा तो अधीक्षण अभियंता ने मामले का संज्ञान लिया। एसई राजीव गर्ग ने नियम विरुद्ध हुए कनेक्शन की जांच बिलासपुर डिवीजन एक्सईएन कमरुद्दीन सिद्दीकी को सौंपी है।
इन उपभोक्ताओं को जारी हुए नोटिस
बुद्धा राम, योगेंद्र, रामकरन, जानकी प्रसाद, जय प्रकाश, जगवीर सिंह, धर्मपाल सिंह, यशोदा गुप्ता आदि उपभोक्ताओं को जेई ने नोटिस जारी किए हैं। अगर, तय समय के मुताबिक उपभोक्ता जवाब नहीं देते हैं तो कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
बिलासपुर के डिबडिबा कालोनी में हुए नियम विरुद्ध कनेक्शन मामला संज्ञान में है। सभी उपभोक्ताओं को नोटिस भेजा गया है। जवाब न आने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी--- कमरुद्दीन सिद्दीकी, एक्सईएन, बिलासपुर डिवीजन।
खंभे से 40 मीटर से ज्यादा की दूरी होने पर कनेक्शन नहीं दिया जा सकता। बिलासपुर के डिबडिबा कालोनी में हुए नियम विरुद्ध कनेक्शन प्रकरण की जांच एक्सईएन को सौंपी है। दोषियों पर कार्रवाई होगी--- राजीव गर्ग, अधीक्षण अभियंता।
यह भी पढ़ें- रामपुर: सूबे के चर्चित कारतूस कांड में दो पक्षों की बहस पूरी, 12 को आ सकता है फैसला
