वन्य जीवों से जनहानि पर मुआवजे की राशि बढ़ा सकती है योगी सरकार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार वन्य जीवों से जानमाल की हानि की दशा में मुआवजे की राशि को बढ़ा सकती है वहीं प्रदेश में ईको पर्यटन की असीम संभावनाओं के मद्देनजर पर्यटन शुल्क में भी काफी कमी की जा सकती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पीलीभीत में ऐसे ही बड़े ऐलान कर सकते हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि पीलीभीत दौरे पर योगी प्रदेश के हित में कई बड़ी योजनाओं का शुभारंभ कर सकते हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण वन्य जीवों से जानमाल की हानि की दशा में अनुग्रह राशि को बढ़ाए जाने से संबंधित है। इसके साथ ही 2014 से दी जा रही आर्थिक अनुग्रह सहायता की दर में बदलाव भी संभव है। वहीं ईको पर्यटन को प्रोत्साहित करने के निमित्त पर्यटन शुल्क में भी काफी कमी की जा सकती है।
वन्य जीव सप्ताह के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री का पीलीभीत टाइगर रिजर्व में कार्यक्रम प्रस्तावित है। सीएम यहां कई बड़ी सौगात भी दे सकते हैं। यहां उच्चीकृत 51 वन विश्राम भवनों का जीर्णोद्धार किया गया है। इसके अतिरिक्त सारस गणना रिपोर्ट 2023 पुस्तक रिलीज होगी, जिससे इसके बारे में आमजन भी जानकारी हासिल कर सकें।
सूत्रों के अनुसार पीलीभीत में एक तरफ जहां बाघ मित्र ऐप लांच होगा, वहीं बाघ मित्रों का सम्मान भी किया जाएगा। बाघ मित्र ऐप जहां बाघ से सुरक्षा दिलाने में कारगर होगा। इस ऐप के जरिए आमजन सरकारी विभागों को मदद करने और आसपास के लोगों को जागरूक करने में मददगार होंगे। आबादी वाले क्षेत्र में बाघ व ग्रामीणों की सुरक्षा में यह ऐप काफी कारगर होगा।
शहद किट का वितरण होने के साथ ही पीलीभीत टाइगर रिजर्व के उत्कृष्ट कार्य करने वाले बाघ मित्रों को सीएम सम्मानित भी करेंगे। साथ ही वन्य जीव सुरक्षा व संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अफसर व कर्मचारी भी सम्मानित होंगे। वन्य जीव संरक्षण व सतत ईको पर्यटन विकास कार्यशाला का शुभारंभ भी होगा।
यह भी पढ़ें:-इलाहाबाद हाईकोर्ट: रिजवान सोलंकी के मामले में जिला अदालत द्वारा अंतिम निर्णय लेने पर लगाई रोक
