बंदरों की मौत के मामले में बहराइच डीएम ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसडीएम, सीओ और डीएफओ की बनाई जांच कमेटी

बहराइच, अमृत विचार। मोतीपुर रेंज में मृत मिले बंदरों के मामले में डीएम ने मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। इसके लिए दूसरे तहसील के एसडीएम को और डीएफओ की अगुवाई में जांच कमेटी बनाई है। कमेटी से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम द्वारा उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।

कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के नानपारा लखीमपुर मार्ग पर मोतीपुर रेंज में वन चौकी के निकट दर्जनों बंदरों के मृत पड़े होने की सूचना गुरुवार को डीएफओ को दी गई। डीएफओ ने वायरल फोटो का संज्ञान लेते हुए वन क्षेत्राधिकारी की अगुवाई में जांच टीम गठित की थी। अब मामले को डीएम ने भी गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने बंदरों के मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। 

जिलाधिकारी ने बताया कि एसडीएम नानपारा अजीत परेस, सीओ राहुल पांडेय और डीएफओ आकाशदीप वधावन की अगुवाई में जांच टीम गठित की गई है। शुक्रवार को टीम ने घटनास्थल पहुंच कर जांच किया इसके बाद उपस्थित लोगों का बयान दर्ज किया। डीएम ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा। उन्होंने बताया कि एक साथ इतने बंदरों की मौत का मामला काफी गंभीर है। 

अपने जाल में फंस रहा वन विभाग
वन विभाग की ओर से पहले घटना डेढ़ माह पहले होना बताया गया। जबकि फोटो बिल्कुल ताजा दिख रही थी। इसके बाद डीएफओ ने एक बंदर की मौत बताई। जबकि बंदरों की मौत 15 से ऊपर है। वहीं अगर डेढ़ माह पूर्व इतने बंदरों की मौत हुई तो वन विभाग के कर्मचारी क्या कर रहे थे। इन सब सवालों के बीच प्रेस विज्ञप्ति जारी करने वाले अधिकारी खुद फंस रहे हैं।

ये भी पढ़ें -अयोध्या : नवोदय एलुमिनी मीट में शमिल होंगे दो हजार लोग

संबंधित समाचार