बरेली: रुविवि में चीफ प्रॉक्टर के सामने आपस में भिड़े दो छात्र नेता, जमकर हुई मारपीट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में चीफ प्रॉक्टर के सामने उनके ही ऑफिस में दो छात्र नेता आपस में भिड़ गए। दोनों में जमकर मारपीट हुई और पुलिस बुलानी पड़ गई। पुलिस के पहुंचने पर दोनों ने एक-दूसरे पर कार्रवाई से इन्कार कर दिया। 

विवाद पीजी छात्रावास में एक बाहरी छात्र के खाना खाने से शुरू हुआ था। इस मामले में चीफ प्रॉक्टर प्रो. एके सिंह ने दोनों छात्र नेताओं को अग्रिम आदेश तक निलंबित कर दिया है। इसके अलावा जांच बैठाई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पीजी छात्रावास में एक बाहरी छात्र खाना खाने आता है। मेस कर्मचारी भी उसे खाना देने में कोई दिक्कत नहीं करते हैं। शनिवार को भी छात्र खाना खाने पहुंचा था। उसने बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी। इस दौरान एबीवीपी का छात्र नेता रवि प्रताप सिंह पहुंचा और बाइक हटाने को कहा, जिस पर विवाद हो गया। छात्र ने समाजवादी युवजन सभा के गजेंद्र कुर्मी को बुला लिया। 

गजेंद्र कुर्मी अपने साथियों के साथ छात्रावास पहुंचे लेकिन तब रवि प्रताप सिंह वहां से जा चुके थे। रवि प्रताप सिंह ने चीफ प्रॉक्टर प्रो. एके सिंह से शिकायत की। इस पर दोनों छात्र नेताओं को चीफ प्रॉक्टर ने अपने कक्ष में बुलाया। यहां पर दोनों अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचे। यहां पर दोनों से पूछताछ की जा रही थी कि तभी दोनों में कहासुनी हो गई और आपस में मारपीट करने लगे। इस पर मौके पर बारादरी थाना पुलिस को बुला लिया गया।

छात्र नेता गजेंद्र कुर्मी ने खुद को अंदर बंद कर लिया। पुलिस ने दोनों नेताओं को जमकर फटकार लगाई और कार्रवाई की चेतावनी दी तो दोनों ने लिखित में कोई कार्रवाई से इन्कार कर दिया। इस मामले में चीफ प्रॉक्टर प्रो. एके सिंह ने बताया कि दोनों छात्र नेताओं में छात्रावास में बाहरी के खाना खाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों को अग्रिम आदेशों तक निलंबित कर दिया गया है। जांच कराई जाएगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढे़ं- बरेली: वर्षों से रेल टिकट विंडो पर नहीं स्टाफ, जीएम बोले यूटीएस अपनाएं

 

संबंधित समाचार