Hamirpur News: सुतली बम में कलर करते समय हुआ विस्फोट, तेज धमाका होने से मकान क्षतिग्रस्त, दो लोग घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में सुतली बम में कलर करते समय विस्फोट हुआ।

हमीरपुर में सुतली बम में कलर करते समय विस्फोट हो गया। विस्फोट होने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया। जिसमें दो लोग घायल हो गए।

हमीरपुर, अमृत विचार। भरुआ सुमेरपुर क्षेत्र के ग्राम कैथी में रविवार को सुबह सुतली बम में कलर करते समय विस्फोट हो जाने से ग्रह स्वामी का मकान उड़ गया और गृह स्वामी के अलावा रास्ते से गुजर रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि पड़ोसी के आंगन में खेल रहा पौत्र बाल बाल बच गया।

विस्फोट की भयंकर आवाज से गांव में दहशत फैल गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। घायल गृह स्वामी के साथ युवक को उपचार के लिए पीएचसी मौहर लाया गया। हालत गंभीर होने पर गृह स्वामी को सदर अस्पताल तथा सदर अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कैथी गांव निवासी आशादीन भुर्जी 58 वर्ष अपने रिहायशी मकान में खाद डीजल चाय समोसा के अलावा आतिशबाजी का काम करता है। रविवार को सुबह 7 बजे यह सुतली बम में कलर चढ़ा रहा था। अचानक विस्फोट हो जाने से इसकी मकान की दिवालें टूट गई और मकान की छत हवा में झूलने लगी। विस्फोट में पड़ोसी देवीदीन का मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

विस्फोट से आशादीन गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही रास्ते से गुजर रहा गांव निवासी शिवबाबू पाल 22 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि पड़ोसी देवीदीन का पौत्र कार्तिक 4 वर्ष बाल बाल बच गया। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। घटना के समय आशादीन की पत्नी ममता देवी 55 वर्ष, पुत्री सावित्री 12 वर्ष घर में मौजूद थे। दोनों बाल बाल बच गए हैं। घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष राम आसरे सरोज, सीओ सदर राजेश कमल ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इसके साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है।

पुश्तैनी समय से बगैर लाइसेंस के चल रहा था आतिशबाजी का कारोबार बड़े भाई के बाद छोटे ने संभाल रखा था अपने पुश्तैनी कारोबार को। ग्रामीणों की माने तो आशादीन शादी सहालग तीज त्योहार में गांव के अलावा आसपास के गांव मजरों में आतिशबाजी की सप्लाई करता था।

इसकी आमदनी से वह परिवार का भरण पोषण करता था। आशादीन का एकलौता पुत्र लक्ष्मी प्रसाद परिवार सहित सूरत में रहकर मजदूरी करता है। आशादीन पत्नी ममता देवी पुत्री सावित्री के साथ गांव में रहता है। दशहरा और दीपावली पर्व नजदीक आता देख यह आतिशबाजी का घर में स्टाक करने में जुटा था। बताते हैं कि वह सुतली बम में कलर कर रहा था तभी विस्फोट होने से हादसा हो गया। इस घटना में आशादीन की एक आंख पूरी तरह से डैमेज हो गई है।

 

संबंधित समाचार