लखनऊ: पुलिस अभिरक्षा से दुष्कर्म के आरोपित ने भागने की कोशिश, घायल
लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ विश्वविद्यालय के समीप डिवाइडर पर सो रही मानसिक मंदित महिला से दुष्कर्म करने वाला आरोपित अनिल चौहान रविवार को कैंट के सोमनाथ द्वार के समीप चलती जीप से कूद गया। पुलिस अभिरक्षा के भगाने की फिराक में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन उसे सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में रेफर कर दिया गया।
सिपाहियों पर हमला कर चलती जीप से कूदा
गौरतलब है कि बीते 05 सितम्बर की रात लविवि के समीप डिवाइडर पर सो रही मानसिक मंदित महिला से दुष्कर्म के आरोप में लखीमपुरखीरी जनपद के भीरा थानाक्षेत्र के दुजईपुर निवासी अनिल चौहान को हसनगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया था। लिखित शिकायत में सिपाही अक्षय यादव ने बताया कि रविवार को साथी सतेंद्र यादव, चालक वेदप्रकाश उपाध्याय और दरोगा अरविंद कुमार तिवारी के संग आरोपित को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में लेकर रविवार को सरकारी जीप से जेल लेकर जा रहे थे।
बताया कि कैंट के सोमनाथ द्वार से करीब 700 मीटर पहुंचते ही आरोपित ने चलती गाड़ी में सिपाहियों पर हमला कर दिया। इसके बाद चलती गाड़ी से कूद गया और बेसुध हो गया। इसके बाद आरोपित को सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। आरोपित का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
यह भी पढ़ें:-Kanshiram death anniversary: मायावती ने कांशीराम को किया याद, अधूरे मिशन को पूरा करने का लिया संकल्प
