Kanpur News: थाने के अंदर पीटने व रुपये छीनने पर दो सिपाही लाइन हाजिर, इन घटनाओं ने खाकी को किया शर्मिंदा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में थाने के अंदर पीटने व रुपये छीनने पर दो सिपाही लाइन हाजिर।

कानपुर में थाने के अंदर पीटने व रुपये छीनने पर दो सिपाही लाइन हाजिर किए गए। डीसीपी पूर्वी ने जांच में सत्यता पाए जाने पर कार्रवाई की।

कानपुर, अमृत विचार। जाजमऊ थाने में तैनात दो सिपाहियों पर एक युवक ने थाने के अंदर पीटने और रुपये छीनने का गंभीर आरोप लगाया था। जिसकी जांच एसीपी कैंट द्वारा की जा रही है। इस मामले में शिकायतें आने पर डीसीपी पूर्वी ने दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। 

एसीपी कैंट बृज नारायण सिंह ने बताया कि जाजमऊ थाने के सिपाही सत्येंद्र सिंह और मोहम्मद नफीस के खिलाफ पिछले कुछ दिनों से कई शिकायतें आ रही थीं। जिसको संज्ञान में लेकर डीसीपी पूर्वी शिवाजी शुक्ला ने दोनों को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं सिपाही सत्येंद्र सिंह पर गुरुवार को अहिरवां निवासी अनिल यादव ने आरोप लगाया था कि जुआ खेलने के दौरान उनसे मारपीट हो जाने की शिकायत करने वे जाजमऊ थाने गए थे।

जहां पर सिपाही सत्येंद्र ने उनसे मारपीट कर 12 हजार छीनकर भगा दिया था। हालांकि, एसीपी कैंट के कहना है कि उस मामले की जांच चल रही है। शिकायतकर्ता अनिल यादव भी जुआरी है और आपराधिक प्रवृत्ति का है। इसका ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जिसके बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।

इन घटनाओं से शर्मिंदा हुई खाकी :

8 सितंबर 2022 : बिधनू में कारोबारी के घर घुसकर मारपीट हंगामा और वसूली करने के आरोप में तीन ट्रेनी दरोगा दीपक कुमार, मोहित राणा और कुशलवीर राठी को निलंबित किया गया था। 
23 फरवरी 2023 : सचेंडी में हार्डवेयर कारोबारी से 5.30 लाख लूटने की घटना में दरोगा यतीश कुमार, हेड कांस्टेबल अब्दुल राफे और दरोगा रोहित सिंह को निलंबित कर दिया गया था। बाद में तत्कालीन पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने दरोगा रोहित को बर्खास्त कर दिया था। 
19 जनवरी 2023 : पनकी रोड पर मुफ्त की मिठाई लेने के लिए नशे की हालत में दरोगा सर्वेंद्र कुमार ने दुकान मालिक पर हाथ छोड़ दिया था। इस मामले में सोशल मीडिया में किरकिरी होने के बाद डीसीपी पश्चिम विजय ढुल ने उसे निलंबित कर दिया था। 
19 जून 2023 : गोकशी करने वाले गिरोह में शामिल जाजमऊ के हेड कांस्टेबल अहमद को डीसीपी पूर्वी ने निलंबित कर दिया है। डीसीपी ने यह कार्रवाई एसपी कानपुर देहात की एक रिपोर्ट के आधार पर की थी। 
30 जून 2023 : गोविंद नगर में तैनात दरोगा शुभम सिंह ने एक पीड़ित को चैट कर रूम पर बुलाया था। जिसके बाद डीसीपी दक्षिण रविंद्र कुमार ने उसे निलंबित कर दिया था। 
3 सितंबर 2023 : साढ़ थाने में तैनात दरोगा तेजवीर सिंह ने पीड़ित महिला से तन मन धन से मदद करने के लिए कहा था। आडियो वायरल होने के बाद एडीसीपी ने उसे निलंबित कर दिया था। 

सूची में थे 90 दागदार पुलिकर्मियों के नाम 

दो माह पूर्व संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने एक दागदार पुलिस कर्मियों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों की सूची तैयार की थी। जिसमें 90 पुलिस कर्मियों के नाम शामिल थे। वहीं 171 अधिवक्ता व 51 पत्रकार थे। उन्होंने कुल 312 दागियों की सूची तैयार की थी। जिसमें चार से अधिक मुकदमे वाले लोग थे।

संबंधित समाचार