परिवहन निगम की मासिक प्रोत्साहन योजना के मानकों पर फिसड्डी रहे क्षेत्रीय प्रबंधक, नहीं मिला कोई पुरस्कार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। परिवहन निगम की ओर से संचालन क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए मासिक प्रोत्साहन योजना चलाई जा रही है, लेकिन इस योजना में प्रदेश के किसी भी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक का कार्य उत्कृष्ट नहीं मिला। जिसके चलते पुरस्कार पाने वालों की सूची में क्षेत्रीय प्रबंधक अपना नाम नहीं दर्ज करा सके। अयोध्या क्षेत्र में अकबरपुर डिपो के कार्यशाला प्रभारी को तृतीय स्थान हासिल हुआ है। 

निगम की ओर से फरवरी माह में शुरू की गई मासिक प्रोत्साहन योजना के तहत संचालन के मानकों में प्रति बस प्रतिदिन आय, बस उपयोगिता, ईंधन औसत व प्रति बस प्रतिदिन लाभ हानि के आधार पर क्षेत्रीय प्रबंधकों व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के लिए चुना जाता है।

वहीं मानकों में आन रोड प्रतिशत, बस उपयोगिता, ईंधन औसत व व्यय प्रतिदिन प्रतिबस के आधार पर सेवा प्रबंधक का मूल्यांकन कर तीन तीन क्षेत्रीय प्रबंधक, सेवा प्रबंधक व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को प्रशंसा पत्र व प्रोत्साहन धनराशि के लिए चयनित किया जाता है। शर्त यह है कि गत वर्ष के सापेक्ष इसी वर्ष के उस माह में आय में 28.31 फीसदी की वृद्धि हो। 
जबकि योजना में यातायात अधीक्षक, सीनियर फोरमैन/कार्यशाला प्रभारी का चयन प्रधान प्रबंधक प्रवर्तन/प्राविधिक की ओर से किया जाता है। 

अपर प्रबंध निदेशक अन्नपूर्णा गर्ग की ओर से माह अगस्त के लिए जारी सूची में अयोध्या क्षेत्र के अकबरपुर डिपो के कार्यशाला प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह को तृतीय पुरस्कार 1000 रुपए के लिए चुना गया है। नोएडा के सेवा प्रबंधक को प्रथम 5100, नोएडा एआरएम को प्रथम 3100, एआरएम कन्नौज को तृतीय 1100 प्रोत्साहन राशि के लिए चुना गया है।

वहीं यातायात अधीक्षकों में वाराणसी के राजकुमार को प्रथम 2100, गोरखपुर की कल्पना श्रीवास्तव को द्वितीय 1300 व नोएडा की ललिता सिंह को तृतीय 1000 रुपए तथा कार्यशाला प्रभारी रायबरेली के फिरोज अहमद को प्रथम 2100 व गोरखपुर के सीनियर फोरमैन अवध किशोर मिश्र को द्वितीय 1300 रुपए का पुरस्कार मिला है।

यह भी पढ़ें: CWC की बैठक के बाद राहुल गांधी बोले- जहां कांग्रेस की सरकार होगी वहां करवाएंगे जातीय गणना

संबंधित समाचार