Banda News: नवरात्र महोत्सव में दुरुस्त रहे कस्बे की सफाई व्यवस्था, अतर्रा एसडीएम को ज्ञापन सौंप गिनाईं समस्याएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में अतर्रा एसडीएम को ज्ञापन सौंप गिनाईं समस्याएं।

बांदा में केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति ने अतर्रा एसडीएम को ज्ञापन सौंप समस्याएं गिनाईं। उन्होंने समय से ही सारी समस्या के निस्तारण की मांग की।

बांदा, अमृत विचार। आगामी 15 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्र महोत्सव की तैयारियों को लेकर जहां नवदुर्गा पंडाल संचालक अभी से जुट गए हैं, वहीं प्रशासनिक स्तर पर कराई जाने वाली व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने को लेकर केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति ने अतर्रा एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का निस्तारण करने की मांग की है। 

सोमवार को केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति अतर्रा के तत्वावधान में कमेटी के लोगों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम को छह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा और समस्याओं को लेकर चर्चा की। ज्ञापन में समिति के लोगों ने कहा है कि नवरात्र के मौके पर साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना न करना पड़े।

समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता की अगुवाई में एसडीएम रावेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर बांदा रोड स्थित केन कैनाल नहर में विसर्जन स्थल पर दोनों तरफ क्षतिग्रस्त सीढियों को दुरुस्त कराने, कस्बे की आस्था का केंद्र गौराबाबा धाम, शारदा माता मंदिर समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों व देवी मंदिरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, प्रत्येक नवदुर्गा पंडाल में सुरक्षा के लिहाज से पुलिसकर्मियों की तैनाती करने समेत विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिरुद्ध वर्मा, मेजर राकेश गौतम, शशिकांत, राजन, हरिओम त्रिपाठी, विष्णुकांत, भरतलाल गुप्ता, सत्यम सोनी, अमित तिवारी, श्यामू चौरसिया, राहुल सोनी आदि शामिल रहे। एसडीएम ने नवरात्र महोत्सव से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का भराेसा दिलाया है। 

मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौपेंगी केंद्रीय समिति

नवदुर्गा महोत्सव की तैयारियों को लेकर केंद्रीय नवदुर्गा पूजा महोत्सव समिति के तत्वावधान में मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौपेंगे और व्यवस्थाओं व समस्याओं को बुलंद करेंगे। समिति के अध्यक्ष अमित सेठ भोलू ने बताया कि 10 अक्टूबर को सुबह 11 बजे कमेटी के प्रमुख लोग कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र होंगे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग करेंगे।

संबंधित समाचार