जालौन: यूएस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर, पत्नी व बच्चों का एक साथ हुआ अंतिम संस्कार, जूम एप से जुड़े परिजन फफक पड़े
जालौन। यूएस में उरई निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर का पत्नी और बच्चों के साथ जब अंतिम संस्कार हुआ और यहां पर जूम एप के जरिए परिजन जुड़े तो मौजूद लोगों की भी आंखे भर आईं। शहर के राजेन्द्र नगर निवासी तेज प्रताप सिंह 45 वर्ष ने कानपुर आईआईटी से बीटेक किया था। वह वर्ष 2009 से यूएस के न्यू जर्सी सिटी प्लेंसबोरो में अपनी पत्नी सोनल 40 वर्ष बेटे आयुष 10 वर्ष और बेटी ऐमी 7 वर्ष के साथ रह रहे थे।
वहां वह एक कम्पनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। बुधवार रात को अपने आवास पर चारों की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। वहां की पुलिस और डिटेक्टिव एजेंसी ने पूरे घर को सीज कर जांच की और चार दिनों तक चली जांच पड़ताल के बाद सोमवार को उनके शवों का पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद चारों के शवों को न्यू जर्सी पहुंचे सॉफ्टवेयर इंजीनियर के ससुर, साले और बहन विनीता सिंह व भांजे के सुपुर्द किया।
इसके बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर सहित उसकी पत्नी व बच्चों का दाह संस्कार किया गया। उरई में रहने वाले तेज प्रताप के बड़े भाई राजेंद्र सिंह और विनीता सिंह के पति वीके सिंह, एसपी सिंह, नवीन सिंह, पप्पू सिंह गंधर्वपुरी, डॉ श्रीप्रकाश सिंह सरसेला, उपेंद्र सिंह, चंद्र प्रकाश सिंह सहित तमाम लोग उरई के मोक्ष धाम पहुंचे और जूम एप के जरिए न्यू जर्सी में हो रहे अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इस दौरान परिजन फफक पड़े तो मौजूद लोगों की आंखे नम थीं।
यह भी पढ़ें: सुनक की नई दिल्ली यात्रा की संभावना तलाश रहे भारत और ब्रिटेन
