अमरोहा : हाईवे किनारे गौ वध की घटना, बजरंग दल ने जताया विरोध
अमरोहा, अमृत विचार। गजरौला कोतवाली की चौपला चौकी के पीछे कुछ लोगों ने बीती रात घर के बाहर बंधी गाय को 100 मीटर की दूरी पर ले जाकर आबादी के बीच काट दिया। सुबह होने पर नेशनल हाइवे किनारे पड़े खाली प्लॉट में गाय का शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भानपुर खालसा में नेशनल हाइवे किनारे निवासी दिग्विजय भुल्लर ने अपने घर में दो गाय पाल रखी थी। बताया गया कि सोमवार देर रात कोई अज्ञात व्यक्ति आया और गाय को खोल कर अपने साथ ले गया। आरोपी ने 100 मीटर की दूरी पर खाली पड़े प्लॉट में गाय की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी की।
सुबह होने जब गाय नहीं दिखाई दी तो परिवार की महिला ने उसे आसपास देखा तो 100 मीटर की दूरी पर ही गाय का शव पड़ा मिला। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सीओ समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर आ गए।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को दो घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि दो घंटे में आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो बजरंग दल सड़क जाम लगाएगा। सीओ स्वेताभ भास्कर ने बताया कि गौ वध की सूचना मिली थी। वह स्वयं भी मौके पर गए थे। सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: खुलासा...दो दोस्तों के साथ मिलकर साले ने ही की थी टैक्सी चालक की हत्या
