बरेली: अवंतीबाई महिला महाविद्यालय और दो सरकारी कार्यालयों में खुलेगी शक्ति रसोई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्वरोजगार को बढ़ावा देने और आम जनमानस को स्वच्छ खाना उपलब्ध कराने की तैयारी

बरेली, अमृत विचार। स्वरोजगार से जुड़े महिला सहायता समूह को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ सरकारी कार्यालयों में आम जनमानस के लिए किफायती दामों में स्वच्छ खाना उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने अच्छी पहल की है। महिला सहायता समूह को शक्ति रसोई खुलवाई जाएंगी। इन्हें सरकारी कार्यालयों में जगह उपलब्ध कराने के साथ शक्ति रसोई का भवन बनाने के लिए बैंक से ऋण भी दिलाया जाएगा। पहले चरण में नगर निगम कार्यालय, सदर तहसील परिसर और वीरांगना रानी अवंतीबाई महिला महाविद्यालय में शक्ति रसोई बनवाने का निर्णय लिया गया है।

प्रत्येक के संचालन के लिए महिला सहायता समूह का चयन करने के लिए नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी प्रशासन समेत कई अधिकारियों की कमेटी भी बनाई गई है। ये कमेटी महिला सहायता समूहों की ओर से आए आवेदनों पर चर्चा करने के बाद उनके नाम पर मुहर लगाएंगी। वहीं एडीएम प्रशासन दिनेश ने बताया कि तीनों शक्ति रसोई के लिए 15 महिला सहायता समूह के आवेदन आए हैं। बुधवार की शाम को इनके चयन की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके लिए कमेटी की बैठक होगी।

शक्ति रसोई के संचालन के लिए पहले 50 हजार ऋण के रूप में बैंक देगी। उसके बाद बेहतर कार्य करने के लिए दो लाख और उसके बाद आठ लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जा सकता है। पहले कलेक्ट्रेट परिसर में भी शक्ति रसोई खोलने पर विचार हुआ लेकिन अभी तक तीन ही जगह तय हुई हैं। शक्ति रसोई में समोसे, पकौड़ी, चाय-कॉपी के साथ लोगों की मांग के अनुसार खाने में व्यंजन भी बनेंगे। इनकी सफलता के बाद शहर के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी शक्ति रसोई खोले जाने पर विचार है।

ये भी पढ़ें- बरेली: सेटेलाइट होटल में फंदे पर लटका मिला कर्मचारी का शव

संबंधित समाचार