शाहजहांपुर: किसी भी हद तक जा सकता है पुरानी पेंशन का आंदोलन

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

एनजेसीए के राष्ट्रीय संयोजक शिव गोपाल मिश्रा ने लगाई दहाड़

शाहजहांपुर, अमृत विचार। पुरानी पेंशन योजना बहाली के लिए शिक्षकों और कर्मचारियों की लामबंदी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को पुरानी पेंशन बहाली के लिए बनाए गए संयुक्त मंच पुरानी पेंशन योजना बहाली संयुक्त मंच (एनजेसीए) की रेलवे मालगोदाम पर आक्रोश सभा हुई। सभा को एनजेसीए के राष्ट्रीय संयोजक शिवगोपाल मिश्रा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए आर-पार की लड़ाई छेड़ी जा चुकी है, अब यह आंदोलन किसी भी हद तक जा सकता है। सरकार को चाहिए कि वह शिक्षकों और कर्मचारियों के सब्र का इम्तिहान न लें।

कर्मचारी नेता ने कहा कि देश को हिलाने के लिए रेलवे की ही हड़ताल काफी है। कर्मचारियों में रोष और जोश बना रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक और कर्मचारी एकजुट होकर हड़ताल करेंगे, तो सरकार को पुरानी पेंशन बहाल करनी ही होगी। अब चाहें जो हालात बनें, पेंशन बहाल कराए बिना आंदोलन रुकने वाला नहीं है। कहा: शाहजहांपुर क्रांतिकारियों की धरती है, यहां से जो संकल्प लिया जाएगा, वह जरूर पूरा होगा। देश की राजनीति में शिक्षकों और कर्मचारियों का योगदान सत्ताधारियों से कम नहीं है। देश की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए हम लोग काम करते है, लेकिन पेंशन देने को हमारे लिए उनका मनोबल नहीं है, इसीलिए संघर्ष का विगुल बजाया गया है।

इससे पहले आक्रोश सभा में एआइआरएफ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एमपी चौबे ने कहा कि रेलवे की हड़ताल सरकार को घुटने टेकने पर मजबूर करेगी। जिला संयोजक नरेंद्र त्यागी ने कहा कुछ लोग पुरानी पेंशन आंदोलन को लेकर भ्रम पैदा कर रहे हैं, जो किसी के हित में नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार उनकी मांग जरूर पूरी करेगी। नरमू के मंडल मंत्री राजेश चौबे ने कहा कि युवा कर्मचारी जोश के साथ सरकार से दो-दो हाथ करने को आतुर हैं। अंकुर त्रिपाठी ने कहा कि पुरानी पेंशन एनजेसीए के आंदोलन से ही मिलेगी। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ऋषिकांत पांडेय ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली का आंदोलन स्वतंत्रता संग्राम से कम नहीं है। इस मौके पर नरमू के मुरादाबाद मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा, जूनियर शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष जागेश पाली, जिलाध्यक्ष मगरे लाल आदि ने भी विचार रखे। संचालन शिक्षक नेता रत्नाकर दीक्षित ने किया।

राष्ट्रीय संयोजक का हुआ जोरदार स्वागत
एनजेसीए के राष्ट्रीय संयोजक शिव गोपाल मिश्रा को कर्मचारी और शिक्षक झंडे -बैनर और मोटरसाइकिल रैली के साथ जोरदार नारेबाजी करते हुए सभा स्थल तक लेकर पहुंचे। ढोलबाजे के साथ नारेबाजी करते कर्मचारी और शिक्षकों का हुजूम उन्हें मालगोदाम परिसर लाया, जहां उन्होंने अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। मंच पर मुख्य अतिथि का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला मंत्री अहमद मुबीन ने राष्ट्रीय संयोजक को सम्मानित किया।

ये नेता रहे मौजूद
सभा में ग्राम पंचायत सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रघुनन्दन, शिक्षक नेता दिनेश गंगवार, विश्राम सिंह, गौरव पांडेय, सुनील मौर्या, चित्रेश यादव, अजय वर्मा, सुभाष चंद्र मिश्रा, अनीता भारती, गीता भारती, भुवनेश गुप्ता, विक्रांत मिश्रा, रिपुदमन सिंह, विनोद गुप्ता, धीरज रस्तोगी, पल्लवी गुप्ता, आशीष मिश्रा, संदीप मलिक, संदीप सिंह, अरुण सक्सेना, अमित, राजीव कुमार, धनजय, असरफ, एसके तोमर, शिव कुमार सक्सेना, राम औतार शर्मा आदि।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: रोजा मंडी में धान बेचने वाले किसानों को आठ करोड़ की चपत

संबंधित समाचार