Kanpur: मवेशी के लिए इतना प्यार… किसी की जान लेने को हो गई तैयार, डंडा व चाकू लेकर महिलाएं सड़क पर उतरीं, जानें- मामला
कानपुर में चट्टा हटाने पर डंडा व चाकू लेकर महिलाएं सड़क पर उतरीं।
कानपुर में चट्टा हटाने गईं महापौर व दस्ते पर हमले का प्रयास किया गया। इस दौरान महिलाएं डंडा व चाकू लेकर सड़क पर उतरीं। दस्ते ने लाठियां पटक 15 गाय और 7 भैंस पकड़ीं।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में चट्टा हटाने का अभियान एक बार फिर महापौर ने अपने हाथ ले लिया है। मंगलवार को महापौर नगर निगम प्रवर्तन टीम के साथ स्वरूप नगर स्थित खैराबाद अस्पताल वाली गली में अवैध चट्टा हटाने पहुंची तो चट्टा संचालक पुरुष मौके से गायब हो गए। प्रवर्तन दल ने मवेशियों को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो घरों से महिलाएं डंडा व चाकू लेकर विरोध करने सड़क पर उतर आईं। इस दौरान दस्ते ने लाठियां पटककर 15 गाय और 7 भैंस जब्त कर लीं।
महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि खैराबाद अस्पताल वाली गली में चट्टे की वजह से गंदगी की शिकायत मिल रही थी। इस क्षेत्र में तीन बार पहले भी अभियान चलाया गया है, लेकिन चट्टा संचालक न तो मवेशियों का रजिस्ट्रेशन कराते हैं और न ही गंदगी फैलाने से बाज आते हैं।
उन्होंने बताया कि जब मंगलवार को सुबह प्रवर्तन टीम के साथ क्षेत्र में पहुंची तो चट्टा संचालक पुरुष मौके से गायब हो गए। जबकि विरोध करने पर महिलाएं हाथ में डंडा व चाकू से लेकर सड़क पर उतर आईं। जिसके बाद कई थानों की फोर्स को बुलाना पड़ा। इस दौरान विरोध के बीच ही प्रवर्तन दल ने अवैध चट्टों से 15 गाय व 7 भैंस को जब्त किया है। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पॉश क्षेत्र में सड़क पर बांध रखे थे मवेशी
महापौर जब दस्ते के साथ इस पॉश क्षेत्र में पहुंची तो यहां मुख्य सड़क व खंबों के सहारे ही कई गाय व अन्य मवेशी बंधे थे। जिसकी वजह से गोबर व अन्य गंदगी सड़क पर ही फैल रही थी। उन्होंने बताया कि सभी संचालक प्लॉट के साथ ही बाहर का क्षेत्र भी गाय व भैंस बांधने में इस्तेमाल कर रहे थे।
