गाजियाबाद में महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी पर FIR दर्ज, CM योगी के खिलाफ कही थी ये बड़ी बात
गाजियाबाद, अमृत विचार। डासना मंदिर के पुजारी महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी पर थाना मसूरी में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस की तरफ से दर्ज मुक़दमे में आईपीसी की धारा 505, 295A और 67 आईटी एक्ट लगाई गई है। ये मुकदमा सीएम योगी आदित्यनाथ को अपशब्द भरा सन्देश देने को लेकर दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व डीएम ऑफिस पर हिन्दू रक्षा दल के अध्यक्ष भूपेंद्र तोमर उर्फ़ पिंकी चौधरी के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई का विरोध किया गया था। जबकि इससे पहले ही जिले में पुलिस ने धारा 144 लगा दी थी। डीएम ऑफिस में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की थी। साथ ही पिंकी चौधरी को कंधे पर बैठाकर कार्यकर्ता वहां पहुंचे थे। इसी बीच इस मामले में हिन्दू रक्षा दल का समर्थन करने महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि भी पहुंचे थे,जिन्हें पुलिस ने गेट पर रोक लिया था।
इससे नाराज महामंडलेश्वर ने कहा था कि हिम्मत है तो दारुलउलूम देवबंद और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई की जाये। उन्होंने कहा कि सीएम योगी जितने मुकदमे चाहें लगा लें। हमें मार दें, मंजूर हैं। चाहे तो जेल में डाल दीजिए। उन्होंने कहा केवल मैं अपने बच्चों के लिए लड़ाई लड़ रहा हूं.. यही मेरी गलती है। आप राजा बनकर बैठे हो मेरे बच्चों की मेहनत पर.. हमारे खून पसीने पर...उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के पास मौका था महाराणा प्रताप बनने का लेकिन वो जो भी बने वह दुनिया देखेगी। इस दौरान उनकी पुलिस से जमकर बहस और धक्कामुक्की भी हुई थी।
ये भी पढ़ें -‘इंडिया’ में शामिल होने संबंधी खबरें फर्जी, बोलीं मायावती- सतर्क रहें समर्थक
