बरेली पहुंची कांस्य पदक विजेता खुशबू, ढोल नगाड़े के साथ किया जोरदार स्वागत 

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बरेली, अमृत विचार। चीन के हांगझोऊ में हुए एशियाई खेलों में सेपक टाकरा के रेगू इंवेट में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम का हिस्सा रहीं बरेली की खुशबू का शहर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। गुरुवार शाम को ट्रेन से जंक्शन पहुंचने पर खुशबू का कोच, परिवार के लोगों और दोस्तों ने ढोल नगाड़े और फूल-मालाएं पहना कर भव्य स्वागत किया।

यह भी पढ़ें- बरेली: देश के शहीदों को किया नमन, सभी वार्डों से आई मिट्टी और चावल के कलश

इस दौरान ट्रेन से उतरते ही उसकी साथियों ने खुशबू को कंधे पर उठा लिया। जिसके बाद ढोल-नगाड़े और डीजे पर जमकर डांस करके मेडल जीतने की खुशी मनाई गई।  आपको बता दें, खुशबू ने 2012 में हाईस्कूल और 2014 में इंटर की परीक्षा आरएन टैगोर इंटर कॉलेज से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी। जबकि 2017 में स्नातक की परीक्षा पास की।

जबकि 2007 से खुशबू ने साईं सेंटर में सेपक टकरा का अभ्यास शुरू किया था। इस दौरान खेल कोटे में खुशबू को सशस्त्र सीमा बल में नौकरी मिल गई और वर्तमान में खुशबू की तैनाती गुवाहटी में है। ये भी बता दें, खुशबू का भाई शिवम हॉकी खिलाड़ी है।

वहीं एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने के बाद से खुशबू के परिवार, परिचितों और दोस्तों में खुशी का माहौल है। खुशबू के पिता गोपाल कन्नौजिया ने बताया कि खुशबू के प्रदर्शन ने बरेली का नाम रोशन किया है। यह देश को गौरवान्वित करने वाली बात है।

खुशबू की मां मीना कनौजिया को भी अपनी बेटी पर गर्व है। वहीं कोच ने बताया कि वह खुशबू के इस प्रदर्शन से बहुत खुश हैं। उसने देश के साथ-साथ बरेली का नाम भी रोशन किया है। इस दौरान एशियाई खेलों कांस्य पदक जीतकर लौटीं खुशबू ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने परिवार, कोच और साथी खिलाड़ियों को दिया।

यह भी पढ़ें- बरेली: पति से विवाद होने पर महिला ने फांसी लगाकर किया सुसाइड, मचा कोहराम

संबंधित समाचार